युवा पूर्व प्रधान व समाजसेवी जबना चौहान कांग्रेस में शामिल , महिला उत्थान और शराबबंदी के लिए चर्चित

सबसे कम उम्र की पूर्व प्रधान जबना चौहान कांग्रेस में शामिल

महिला उत्थान और शराबबंदी के लिए चर्चित समाजसेवी ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रतिभा सिंह की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की

शिमला : सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत थरजुण की पूर्व प्रधान और देश की सबसे कम उम्र की चर्चित समाजसेवी जबना चौहान ने आज कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की उपस्थिति में पार्टी से जुड़ने का ऐलान किया।

इस अवसर पर जबना चौहान ने कांग्रेस पार्टी का सदस्यता फॉर्म भरा, जिसके बाद प्रतिभा सिंह ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल किया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि जबना चौहान ने अपने क्षेत्र में शराबबंदी और महिला उत्थान के लिए सराहनीय कार्य किए हैं। इन प्रयासों के लिए वह बधाई की पात्र हैं।

जबना चौहान को कांग्रेस पार्टी में शामिल होने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान लघु बचत योजना के उपाध्यक्ष प्रकाश कराड और हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा भी उपस्थित रहे।

महिला सशक्तिकरण की पहचान:
जबना चौहान ने अपने कार्यकाल के दौरान शराबबंदी अभियान के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई उल्लेखनीय पहल की हैं। उनकी प्रेरणादायक नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सुधार के प्रति समर्पण ने उन्हें सराज क्षेत्र में एक प्रभावशाली पहचान दिलाई है।

जबना चौहान का कांग्रेस पार्टी से जुड़ना आगामी चुनावों में पार्टी के लिए एक मजबूत संदेश के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के मंच से अपने मिशन को और अधिक प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि जबना जैसी युवा और कर्मठ नेता का कांग्रेस में शामिल होना पार्टी के लिए उत्साहजनक है। उन्होंने विश्वास जताया कि जबना चौहान के प्रयासों से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और महिला सशक्तिकरण के उद्देश्यों को और मजबूती मिलेगी।