यौन शोषण के बाद गर्भवती हुई किशोरी, आरोपी हिरासत में
HNN / शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ठियोग उपमंडल में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं दुष्कर्म के बाद पीड़िता गर्भवती भी पाई गई है। वहीं, पुलिस ने परिवार की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार 16 नवंबर को किशोरी स्कूल गई हुई थी। यहां अचानक उसे पेट में दर्द हुआ तो उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। यहां जब चिकित्सकों ने उसका उपचार किया तो पाया गया कि पीड़िता 2 माह की गर्भवती है। इसके बाद पीड़िता के परिजनों को इसकी जानकारी दी गई।
जब पीड़िता से इस बारे में पूछताछ की गई तो उसने बताया कि मतियाना के रहने वाले एक शख्स ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध ठियोग थाने में आईपीसी की धारा 376 व पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।