HNN/नाहन
जिला सिरमौर के राजगढ़ बाजार में सोमवार देर रात को एक फोटो स्टूडियो में आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही देर में पूरा स्टूडियो जलकर खाक हो गया। देर रात को ही प्रशासन के कर्मचारियों ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात 11:00 बजे वार्ड नंबर 2 राजगढ बाजार में आशीष पुत्र लेखराम निवासी फगू तहसील राजगढ़ के फोटो स्टूडियो मे अचानक आग लग गई। जिसका तहसीलदार राजगढ ने रात को ही मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया। मौका पर पाया गया कि फोटो स्टूडियो पुरी तरफ जल कर राख हो गया। स्टूडियो के सभी कंप्यूटर, लैपटॉप तथा अन्य मशीने जलकर खाक हो गई। आग लगाने से 15 लाख रुपए का सामान आग की भेंट चढ़ गया।
मौके पर लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। मगर फोटो स्टूडियो को नही बचाया जा सका। इसके साथ लगती रेडीमेड गारमेंट की दुकान को बचा लिया गया। फोटो स्टूडियो के संचालक आशीष ने दुकान किराये पर ली हुई थी। दुकान का मालिक कुलदीप सिंह पुत्र जियालाल निवासी शाया छबरोन राजगढ़ के है।
स्थानीय लोगों द्वारा करीब डेढ़ घंटे के बाद करीब रात साढे बारह बजे आग पर काबू पाया गया। उधर राजगढ़ के एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रभावित व्यक्ति को जल्द सरकार की ओर से राहत राशि प्रदान की जाएगी।

