राजनीति से ऊपर उठा नाहन नगर परिषद का शपथ समारोह, कांग्रेस विधायक ने भाजपा उपाध्यक्ष को पहले दी बधाई; शहर के विकास पर दिखाई एकजुटता
हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन
करीब तीन महीने के लंबे इंतजार के बाद नाहन नगर परिषद आखिरकार पूरी तरह कार्यशील हो गई। वीरवार को नगर परिषद सभागार में सादगीपूर्ण माहौल में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ, जहां राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर शहर के विकास का संदेश सबसे प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया।

स्थानीय विधायक अजय सोलंकी की मौजूदगी में एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष उपमा धीमान और भाजपा समर्थित उपाध्यक्ष प्रदीप सहोत्रा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद विधायक अजय सोलंकी ने पहले भाजपा समर्थित उपाध्यक्ष प्रदीप सहोत्रा और उसके बाद अध्यक्ष उपमा धीमान के कक्ष में पहुंचकर पुष्पगुच्छ भेंट किए और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि नगर परिषद में राजनीतिक विचारधारा नहीं, बल्कि शहर का विकास सर्वोच्च प्राथमिकता होगा।

विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि नाहन हम सभी का शहर है और अब समय राजनीतिक मतभेदों को पीछे छोड़कर इसे फिर से “नगीना शहर” की पहचान दिलाने का है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार और अपने स्तर पर नगर परिषद को बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के हरसंभव सहयोग दिया जाएगा, ताकि शहर के सौंदर्यीकरण, आधारभूत ढांचे के विकास और लंबित योजनाओं को गति मिल सके।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष उपमा धीमान ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पूरे नगर परिषद बोर्ड और सभी पार्षदों को साथ लेकर स्वच्छ, व्यवस्थित और विकसित नाहन का निर्माण करना होगी। उन्होंने नियमित सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों का सुदृढ़ीकरण, महिला शौचालयों का निर्माण, अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई, नगर परिषद की आय बढ़ाने और सीमित संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने की बात कही।
उन्होंने रानीताल, पक्का टैंक, कालीस्थान तालाब, चौगान तथा यशवंत विहार सहित शहर के प्रमुख स्थलों के सौंदर्यीकरण को भी प्राथमिकता बताया। साथ ही नगर परिषद के कर्मचारियों को सम्मानजनक कार्य वातावरण और उनकी समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया।
उपाध्यक्ष प्रदीप सहोत्रा ने कहा कि शहर के विकास में राजनीतिक विद्वेष का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। सभी पार्षदों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वाल्मीकि नगर से यशवंत विहार तक शहर के प्रवेश मार्ग को योजनाबद्ध तरीके से विकसित और सुंदर बनाया जाएगा, क्योंकि शहर की पहचान उसकी एंट्री से ही होती है।समारोह के अंत में विधायक अजय सोलंकी ने नगर परिषद का पहला हाउस शीघ्र बुलाने और वर्षों से लंबित विकास कार्यों को गति देने का आग्रह किया। इस अवसर पर पार्षद कपिल गर्ग, नरेंद्र तोमर, राकेश गर्ग, वसीम खान, संजय चौहान, सीमा अत्री, कौशल्या सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।