Loading...

राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने सुक्खू सरकार पर बोला हमला, कहा- 4-5 सीटों पर सिमट जाएगी कांग्रेस

NEHA 19 Oct 2024 Edited 19 Oct 1 min read

HNN/नाहन

नाहन: जिला मुख्यालय नाहन पहुंचे राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने सुक्खू सरकार पर तीखा जुबानी हमला बोला। कांग्रेस सरकार को खरी-खोटी सुनाते हुए सांसद ने कहा कि ये सरकार अपने ही बोझ तले गिर जाएगी। अब जब भी चुनाव होंगे तो ये सरकार 4 से 5 सीटों पर सिमटकर रह जाएगी। उन्होंने यहां तक कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद भी चुनाव हार जाएंगे। हर्ष महाजन नाहन में महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में गत देर शाम बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे।


मीडिया से बात करते हुए राज्यसभा सांसद ने कहा कि हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार आई है और यहां की तरह अन्य राज्यों में भी कांग्रेस का यही हाल हो रहा है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें है, वहां भी इनका बुरा हाल है। इसी तरह हिमाचल सरकार के हाल भी किसी से छिपे नहीं है। यहां इस मर्तबा तो सरकार बन गई, लेकिन जो हालात इस सरकार के चल रहे हैं। उससे अगले 15-20 साल भूल जाएं कि कभी यहां कांग्रेस की सरकार आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि आज कांग्रेस की बहुत ही दयनीय हालत है। आज हिमाचल के किसी भी कोने में चले जाएं, वहां हर वर्ग किसान, कारोबारी, कर्मचारी, नौजवान सभी निराश हैं. ये सरकार हर मुद्दे पर फेल है।


राज्यसभा सांसद महाजन ने कहा कि सुक्खू सरकार रिवर्स गियर में चल रही है। एक कदम आगे लेगी, तो तीन कदम पीछे लेती है. इस सरकार ने हिमाचल में हर तरीके से मिस मैनेजमेंट की हुई है और जो गारंटियां दी थी, वो तो यह भूल ही गए। सब कुछ इसका उलटा हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र मदद न करें, तो सुक्खू सरकार एक मिनट भी सांस न ले सके। केंद्र से आ रही विभिन्न तरह की ग्रांट को दिखाकर कांग्रेस सरकार लोगों को ये दिखाने का प्रयास कर रही कि हमने यह सब कुछ किया, लेकिन प्रदेश की जनता यह भलीभांति जानती है कि यह सब केंद्र की मोदी सरकार की देन है।


उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार का अपना हाल बेहाल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता व कई मिनिस्टर उनके संपर्क में है। उनसे बातचीत भी करते हैं और इस बात से हताश हैं कि मुख्यमंत्री सुक्खू किसी की सुनते नहीं है और खुद की करते हैं। राज्यसभा सांसद ने महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी हरियाणा की तर्ज पर कांग्रेस की हार का दावा किया और वहां भी भाजपा की सरकार बनने की बात कही।