रामपुर में हनुमानघाट मंदिर से 181 साल बाद बाहर निकली भगवान श्रीराम की मूर्ति
श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा
HNN/ शिमला
आखिरकार वह घड़ी आ गई, जब अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो चुकी है। 500 वर्षों के इंतजार के बाद आज प्रभु श्रीराम अपने भव्य और दिव्य मंदिर में विराज चुके हैं। अयोध्या नगरी को हजारों क्विंटल फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी समेत संत समाज और अति विशिष्ट लोगों की उपस्थिति में रामलला के श्रीविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा का ऐतिहासिक अनुष्ठान संपन्न हो चुका है। इसी कड़ी में आज शिमला के रामपुर स्थित हनुमानघाट मंदिर से भगवान श्रीराम की मूर्ति 181 साल वर्ष बाद बाहर निकली।
इस दौरान पूरा रामपुर बाजार जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद और अन्य रामभक्तों ने श्रीराम और महर्षि वाल्मीकि की शोभायात्रा निकाली। हनुमान घाट मंदिर से भगवान राम की मूर्ति पालकी में सवार होकर बाहर निकली। इसके बाद पूरे शहर में भगवान राम की शोभायात्रा निकाली गई।