Loading...

रेणुकाजी के भराड़ी गाँव में भूस्खलन की चपेट में आया मकान, 12 लोग हुए बेघर

Shailesh Saini 1 Sep 2025 Edited 1 Sep 1 min read

एसडीएम संगड़ाह ने रेस्क्यू टीम को किया मौके पर रवाना, बोले प्रशासन हर पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा

हिमाचल नाऊ न्यूज़ नौहराधार – श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की तहसील नौहराधार के भराड़ी गाँव निवासी जोगिंदर सिंह का परिवार भारी भूस्खलन के कारण बेघर हो गया है।

लगातार हो रही बारिश से जोगिंदर सिंह का मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया, जिससे उसका आधा हिस्सा टूटकर गिर गया है। बाकी हिस्से में भी बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं, जिसके कारण पूरा मकान कभी भी ढह सकता है।

अपने 12 सदस्यों वाले परिवार के साथ जोगिंदर सिंह ने अपना घर छोड़ दिया है। अब इस बेबस परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती रात गुजारने की है। जोगिंदर सिंह का कहना है कि उसकी जिंदगी भर की कमाई इस मकान को बनाने में लग गई थी। पीड़ित परिवार नेबतया कि उनके पास अब रहने के लिए कोई और ठिकाना नहीं रहा है।

लगातार तीन दिनों से जारी बारिश ने चारों तरफ तबाही मचा रखी है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई है।प्रशासन ने दिया मदद का आश्वासनउधर, एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने बताया कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी तरह से खड़ा है।

उन्होंने कहा कि नुकसान का जायजा लेने के लिए हल्का पटवारी को मौके पर भेजा जा रहा है। एसडीएम ने कहा कि यदि परिवार के पास रहने का कोई ठिकाना नहीं है तो उनके रहने का इंतजाम किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि अगर पीड़ित परिवार अपने किसी रिश्तेदार के यहाँ जाना चाहता है, तो उनके लिए परिवहन की व्यवस्था भी की जाएगी।एसडीएम सुनील कायथ ने जानकारी दी कि भारी बारिश से पूरे उपमंडल में काफी नुकसान हुआ है, जिसका आकलन किया जा रहा है।

तहसीलदार, उप तहसीलदार सहित सभी 21 पटवार सर्कलों के अधिकारी फील्ड में मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन का पूरा अमला हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है।