लोकसभा चुनाव में जनता ने पीएम मोदी की गारंटी पर जताया भरोसा- रावत
बोले- विरोधी एकजुट होकर उतनी सीटें नहीं जीत पाए, जितनी बीजेपी ने अकेले जीती
HNN/ नाहन
सिरमौर भाजपा के जिला सह मीडिया प्रभारी प्रताप सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान करते हुए बताया कि लोकसभा चुनाव में देश व प्रदेश की जनता ने पीएम नरेंद्र मोदी की गारंटी पर भरोसा जताते हुए एनडीए गठबंधन को 291 सीटें देकर नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने का मौका दिया है।
रावत ने बताया कि महा गठबंधन के नेता मिलकर नरेंद्र मोदी का विजय रथ किसी भी कीमत पर रोकना चाहते थे लेकिन विरोधी पार्टी के सभी नेता मिलकर भी नरेंद्र मोदी का विजय रथ नहीं रोक पाए। रावत ने मीडिया को बताया कि जितनी सीटें भाजपा ने अकेले जीती है उतनी सीटें विपक्ष के सभी नेता मिलकर भी नहीं जीत पाए हैं।
उन्होंने बताया कि भाजपा ने अकेले 240 सीटें जीती है जबकि विपक्ष की सबसे बड़ी कांग्रेस पार्टी 100 सीटों से भी नीचे सिमटकर रह गई है। कांग्रेस पार्टी के लिए इससे बड़ी शर्म की बात क्या हो सकती है।
रावत ने बताया कि इतना ही नहीं भाजपा ने हिमाचल की भी चारों लोकसभा सीटों पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के कुशल नेतृत्व में जीत दर्ज की है।
रावत ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार होते हुए भी हिमाचल की चारों लोकसभा सीटें हार गए हैं, क्योंकि उन्होंने विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की जनता को 10 बड़ी झूठी गारंटी दी थी, जिसका खामियाजा उन्हें लोकसभा चुनाव में भुगतना पड़ा।
रावत ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को अब नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र दे देना चाहिए क्योंकि कांग्रेस पार्टी की प्रदेश में शर्मनाक हार हुई है।