HNN / पांवटा साहिब
बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर सरकार के कार्यकाल में सिरमौर जिला हर क्षेत्र में प्रदेश का सिरमौर बन कर उभरा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने सिरमौर जिला में विकास का एक नया अध्याय लिखा है। सिरमौर के दुर्गम और पिछड़े क्षेत्र में जहां सड़क, पुल, बिजली तथा पेयजल योजनाओं का निर्माण किया जा रहा है वहीं शिक्षण और स्वास्थ्य संस्थान भी बड़ी संख्या में खोले जा रहे हैं।
सुख राम चौधरी ने पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान विभिन्न स्थानों पर जनसभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने जिला में इतने विकास कार्य कर दिए हैं जितने पिछली सरकारों ने 60-70 सालों में भी नहीं किए थे। उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं व्यक्ति के जीवन में बहुत महत्व रखती हैं। वर्तमान प्रदेश सरकार का हमेशा प्रयास रहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का हर हाल में सुद्ढ़ीकरण होना चाहिए।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में पांवटा साहिब अस्पताल में दो छोटे भवन ही थे तथा एक कमरे में 9 डाक्टर बैठते थे, जबकि वर्तमान में यहां पर 150 बिस्तरों का अस्पताल चल रहा है और डाक्टरों की संख्या भी बढ़कर 25 हो गई हैं। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं में बहुत ज्यादा इजाफा हुआ है। यहां पर आक्सीजन का नया प्लांट लगाया गया है तथा जल्द ही ट्रॉमा सेंटर का निर्माण कर जनता को समर्पित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए फॉरेस्ट लैंड को हेल्थ डिपार्टमेंट को ट्रांसफर करवाया गया। उन्होंने कहा कि हाल ही में दो उप तहसीलें खोडोवाला और राजपुर में खोली गई हैं। इसके अतिरिक्त, आंज भोज में दो पटवार सर्कल खोले गए हैं तथा कानूनगो का कार्यालय राजपुर में खोला गया है। उन्होंने कहा कि गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा मिला है, जो पहले एक सपना हुआ करता था, जिसका लाभ आने वाले समय में क्षेत्र के लोगों को मिलेगा।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





