विकास ठप, टैक्सों से कराहता प्रदेश – कांग्रेस राज में जनता बेहाल : डॉ. राजीव बिंदल

By Shailesh Saini Published: 2 Mar 2026, 4:23 PM | Updated: 2 Mar 2026, 4:23 PM 1 min read

पंचायत चुनाव रोकने की कोशिश बेनकाब, कोर्ट के दखल से बचा लोकतंत्र

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय नाहन में आयोजित भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ की जिला स्तरीय बैठक में कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला।

बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ पंचायती राज से जुड़े मुद्दों और आगामी पंचायत चुनावों को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने दो साल में ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था और विकास की रफ्तार को पटरी से उतार दिया है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य ठप पड़े हैं।
स्कूलों का मर्जर नहीं, सीधे-सीधे बंदीकरण किया जा रहा है।

यह शिक्षा सुधार नहीं, शिक्षा पर प्रहार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने डीज़ल पर टैक्स बढ़ाकर जनता की जेब पर सीधा वार किया।
सीमेंट के दाम बढ़ाए गए।

स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस में वृद्धि कर आम आदमी पर अतिरिक्त बोझ डाला गया।
बिजली के बिलों में भारी बढ़ोतरी से घर-घर आक्रोश है।
उन्होंने कहा कि नाहन में एक गरीब परिवार, जिसके घर में चार बल्ब हैं, उसका ₹13,000 का बिजली बिल आना बताता है कि सरकार की नीतियां कितनी जनविरोधी हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राशन डिपुओं में महंगाई और कटौती ने गरीब की थाली पर भी असर डाला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एंट्री टैक्स बढ़ाकर सीमावर्ती क्षेत्रों और श्रद्धालुओं को निशाना बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि माता बाला सुंदरी मंदिर, नैना देवी मंदिर, चिंतपूर्णी मंदिर, कांगड़ा देवी मंदिर, ज्वालाजी मंदिर और चामुंडा देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं पर टैक्स का बोझ डालना आस्था पर कर लगाने जैसा है, जबकि सड़कों की हालत बदतर बनी हुई है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार पंचायत चुनाव टालकर लोकतंत्र को कमजोर करना चाहती थी।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने तैयारियां पूरी कर मसौदा भेजा, लेकिन सरकार ने जानबूझकर प्रक्रिया में रोड़े अटकाए।

उन्होंने कहा कि गांवों की सत्ता गांव के लोगों को न मिले, इसके लिए षड्यंत्र रचा गया।
उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप से 30 मई तक पंचायत चुनाव कराने के निर्देश लोकतंत्र की बड़ी जीत है।

उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा न्यायालय के आदेशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं करेगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा हर वर्ग तक पहुंचकर संगठन को मजबूत कर रही है।

पंचायती राज प्रकोष्ठ गांव-गांव जाकर कांग्रेस की नीतियों का सच उजागर करेगा और चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करेगा।

बैठक में जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, प्रदेश संयोजक पंचायती राज विनोद ठाकुर, सह संयोजक अजय मेहता, जिला संयोजक विजेश गोयल, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान, जिला महामंत्री तपेन्दर शर्मा, मंडल अध्यक्ष संजय पुंडीर सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags: