विधानसभा के बाहर भाजपा का प्रदर्शन, माफिया राज को लेकर कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन की कार्यवाही से पहले भारतीय जनता पार्टी ने माफिया राज के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा विधायक दल नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में पोस्टर लेकर विधानसभा पहुंचे और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
शिमला
जयराम ठाकुर बोले—प्रदेश में सरकार के संरक्षण में पनप रहे माफिया, सदन से सड़क तक उठाएंगे मुद्दा
इस दौरान जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में माफिया राज तेजी से बढ़ रहा है और यह सब सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में आज ऐसी स्थिति बन गई है, जो पहले कभी देखने को नहीं मिली।
उन्होंने सिरमौर जिले में पेड़ों के अवैध कटान का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि 25 पेड़ों की अनुमति के नाम पर 300 से अधिक पेड़ों को काट दिया गया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में सरकार की भूमिका संदिग्ध है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के बाद प्रदेश में ड्रग, खनन, वन, कबाड़ और शराब माफिया सक्रिय हो गए हैं। मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां बड़े स्तर पर लकड़ी का अवैध संग्रहण किया गया और जांच के दौरान सबूत छिपाने के लिए लकड़ी को व्यास नदी में फेंकने तक की कोशिश की गई।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इन सभी मुद्दों को लेकर सदन के अंदर और बाहर दोनों जगह आवाज उठाती रहेगी और सरकार को जवाबदेह बनाने का काम करेगी।