विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट मोड़ पर, गाड़ियों से लेकर बसों तक की हो रही जांच
HNN/ मंडी
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड़ पर आ चुकी है। प्रदेश के सभी बॉर्डर पर पुलिस का कड़ा पहरा है जहां गाड़ियों से लेकर बसों तक सभी वाहनों की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। राज्य में 24 घंटे वाहनों की चैकिंग हो रही है। उत्तराखंड, पंजाब, हरयाणा सहित अन्य राज्यों के साथ लगते बॉर्डर पर अतिरिक्त बैरियर लगाए गए है ताकि शराब तस्करी और ड्रग्स तस्करी काे रोका जा सकें।
बात अगर मंडी जिला की करें तो यहाँ बॉर्डर पर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। विधानसभा चुनाव के चलते किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और सीमाओं पर चुनाव को प्रभावित करने वाले लोगों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। खासतौर पर शराब माफिया और ड्रग्स माफिया के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाया हुआ है।
एचआरटीसी, निजी बसों सहित गाड़ियों और अन्य छोटे-बड़े वाहनों की गहनता से जांच पड़ताल भी की जा रही है। इतना ही नहीं आबकारी विभाग, सर्विलांस टीम और पुलिस के जवान 24 घंटें ड्यूटी पर मुस्तैद है। सीसीटीवी कैमरों से भी हर छोटी-बड़ी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वहीँ, जिला पुलिस ने लोगों से इस दौरान सहयोग की अपील की है।