HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा के उपमंडल इंदौरा के तहत आने वाली ग्राम पंचायत मंड मियानी में एक अग्निकांड पेश आया है। जहां कुछ शरारती तत्वों ने एक प्रवासी की झोपड़ी जला दी है। अग्निकांड में प्रभावित परिवार की झोपड़ी में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है। अग्निकांड के दौरान प्रभावित निजाम की पत्नी और दो बच्चे झोपड़ी में सो रहे थे। हालांकि दोनों सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक, मंड मियानी में कुछ दिन पहले ही ग्राम पंचायत मंड मियानी ने ठेके पर जमीन लेकर सब्जी उगाने का काम करने वाले प्रवासी लोगों को एक हफ्ते के अंदर पंचायत छोड़ने का फरमान जारी कर दिया था। पंचायत ने यह फैसला बदलकर चार दिन पहले ही उन्हें छह महीने की मोहलत दी।
इसे लेकर भी पंचायत में इन दोनों गुटों में नोकझोंक हुई थी। जिसके चलते कुछ शरारती तत्वों ने प्रवासी की झोपड़ी में आग लगा दी। जिसके बाद प्रभावित प्रवासी निजाम ने अग्निकांड की सूचना वार्ड पंच चमन लाल को दी। चमन ने इसकी सूचना पंचायत उपप्रधान सनौर जसविंद्र चंदेल को दी थी। वहीं डीएसपी नूरपुर विशाल वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस की टीम को मौके पर भेजा है। मामले की जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।

