शादी से इंकार कर युवती को कर रहा था ब्लैकमेल पुलिस ने फौजी को दबोचा
ऊना जिला के गगरेट क्षेत्र में महिला थाना पुलिस ने एक फौजी को उस समय गिरफ्तार कर लिया जब उसने एक युवती को शादी का झांसा देकर संबंध बनाए, सगाई के बाद शादी से इनकार कर दिया और फिर आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
ऊना
शादी का झांसा देकर बनाए संबंध, फिर पलटा फौजी
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक पिछले तीन वर्षों से पीड़िता के साथ शादी का वादा कर घनिष्ठ संबंध बनाए हुए था। दोनों परिवारों की सहमति से नवंबर 2024 में उनकी सगाई भी हुई थी। लेकिन सगाई के कुछ समय बाद ही आरोपी और उसके परिजनों ने शादी करने से इंकार कर दिया।
ब्लैकमेलिंग और धमकियों से परेशान हुई पीड़िता
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने विरोध किया, तो आरोपी ने उसकी निजी तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी दी और उसे बार-बार फोन व संदेशों के माध्यम से मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। इतना ही नहीं, आरोपी और उसके पिता ने अपने राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर परिवार पर दबाव बनाया कि मामला पंचायत स्तर पर ही सुलझाया जाए।
पुलिस की सक्रियता से आरोपी गिरफ्तार
लगातार मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर युवती ने महिला थाना ऊना में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी फौजी को ऊना से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
महिला थाना प्रभारी ने कहा कि ऐसी शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। किसी भी महिला को ब्लैकमेल या धमकी का सामना करने पर तुरंत पुलिस की मदद लेनी चाहिए ताकि अपराधियों को सख्त सजा मिल सके।