HNN/ शिमला
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि शिमला नगर निगम चुनावों के लिए कांग्रेस पूरी तरह तैयार है। उन्होने कहा कांग्रेस ने पार्टी स्तर पर अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत करते हुए राठौर ने पांच राज्यों में हुए चुनाव परिणामों के सवालों पर कहा कि यह चुनाव मुद्दों से हटकर जातिवाद, साम्प्रदायिक धुव्रीकरण पर हुए।
उन्होने कहा कि अब इन सरकारों को लोगों से किए गए अपने सभी वायदों को पूरा करना चाहिए। उन्होने कहा कि लोकतंत्र में जनमत सर्वोपरि है और इसका पूरा आदर व सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों की अलग-अलग राजनैतिक परिस्थितियां भिन्न-भिन्न होती है इसलिए प्रदेश की अन्य राज्यों के साथ कोई भी राजनीतिक तुलना नही की जा सकती। राठौर ने इस बात से साफ इंकार किया की पांच राज्यों में हुए चुनाव परिणामों का कोई असर प्रदेश के चुनावों में कांग्रेस पर पड़ेगा।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
उन्होंने कहा कि इन परिणामों का राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस मंथन करेगी। उन्होने कहा कि देश में आजादी के बाद कई राजनैतिक दल बने, और चले भी गए। उन्होने कहा कि कांग्रेस ने भी बहुत उतार-चढ़ाव देखे पर कांग्रेस कभी भी अपनी विचारधारा से नही डगमगाई। उन्होंने दावा किया कि बहुत जल्द कांग्रेस देश में मजबूती के शिखर पर खड़ी होगी। राठौर ने कहा प्रदेश में चार उप चुनावों में कांग्रेस को शानदार जीत हासिल हुई है और अब नगर निगम चुनावों के बाद विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस को शानदार जीत हासिल होगी।
राठौर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन मजबूती के साथ आगे बढ रहा है और सभी नेता कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य कर रहें है। उन्होंने कहा कि वह हाल ही में प्रदेश में कांग्रेस के सदस्यता अभियान के चलते जिलों के दौरे से लौटे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश है। इसी जोश और उत्साह के साथ कांग्रेस चुनाव मैदान में उतरेगी।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group