पच्छाद में पहली बार दौरा, अस्पताल और सड़क मुद्दे पर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने
हिमाचल नाऊ न्यूज़ – नाहन/सराहां
पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के सराहां में शनिवार को उस समय खास राजनीतिक माहौल देखने को मिलेगा, जब कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहली बार इस भाजपा विधायक वाले क्षेत्र में कदम रखेंगे। दिलचस्प बात यह है कि क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भाजपा विधायक रीना कश्यप करती हैं और मुख्यमंत्री का यह दौरा अब विकास बनाम राजनीति की कसौटी बनता नजर आ रहा है।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले ही भाजपा विधायक और मंडल पदाधिकारियों ने अपनी मांगों की सूची सार्वजनिक कर दी है। सबसे प्रमुख मांग सराहां सिविल अस्पताल को 100 बेड का दर्जा देने की है।
भाजपा का दावा है कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में अस्पताल को 100 बेड करने तथा डॉक्टरों और स्टाफ के पद सृजित करने की अधिसूचना जारी हुई थी, जिसे कांग्रेस सरकार ने रद्द कर दिया।
सराहां स्थित सिविल अस्पताल पच्छाद की 34 पंचायतों, श्रीरेणुकाजी और नाहन की पंचायतों सहित हरियाणा से सटे क्षेत्रों के लिए भी स्वास्थ्य केंद्र के रूप में अहम माना जाता है।
करीब दो लाख की आबादी इस अस्पताल पर निर्भर बताई जाती है, लेकिन लंबे समय से डॉक्टरों की कमी, अल्ट्रासाउंड सुविधा और रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति जैसे मुद्दे लंबित हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़ी घोषणा की उम्मीदों से जुड़ गया है।
भाजपा नेताओं ने सराहां-चंडीगढ़ सड़क की मरम्मत और चौड़ीकरण की डीपीआर को स्वीकृति देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई है। साथ ही विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता कार्यालय को दोबारा खोलने की बात भी रखी गई है।
साफ है कि भाजपा इस दौरे को क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर सरकार को घेरने और वादों की याद दिलाने के अवसर के रूप में देख रही है। हालांकि एक बहुत बड़ी बात यह भी है कि भाजपा में एकमात्र महिला विधायक जो प्रदेश में संगठन की साख बचा रही है यही नहीं जो इस संसदीय क्षेत्र के सांसद हैं वह भी भाजपा से हैं बावजूद इसके भाजपा के दिग्गज अपनी महिला नेत्री को केंद्र से कोई भी योजना इस विधानसभा क्षेत्र के लिए नहीं दिलवा पाए हैं। जबकि इस महिला विधायक के दम पर भाजपा अपने विकास का रोल मॉडल जनता को दिखा सकती थी।
बात की जाए जिला अध्यक्ष कांग्रेस आनंद परमार की तो मुख्यमंत्री के इस विधानसभा क्षेत्र के आने में जिला अध्यक्ष की अहम भूमिका मानी जा रही है। इसके पीछे इस विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के गढ़ को फिर से मजबूती देना भी माना जा रहा है।
दूसरी ओर कांग्रेस संगठन और जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार ने बताया कि मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
पार्टी इसे विकासात्मक दौरे के रूप में प्रस्तुत कर रही है।अब सबकी नजर इस बात पर है कि भाजपा विधायक के विधानसभा क्षेत्र में आ रहे मुख्यमंत्री क्या घोषणाएं करते हैं।
क्या सराहां अस्पताल को 100 बेड का दर्जा बहाल होगा? क्या सड़क चौड़ीकरण और अन्य लंबित मांगों पर मुहर लगेगी? पच्छाद की राजनीति में शनिवार का दिन विकास और सियासी संतुलन दोनों की परीक्षा माना जा रहा है।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





