Loading...

सांसद पर बयानबाजी दुर्भाग्यपूर्ण, विधायक गिरेबान में झांकें: गर्ग

Shailesh Saini 21 Apr 2025 Edited 21 Apr 1 min read

हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग ने कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी द्वारा सांसद सुरेश कश्यप के खिलाफ दिए गए बयान को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि विधायक को ऐसी बयानबाजी से पहले अपने कार्यों का आत्मनिरीक्षण करना चाहिए।

गर्ग ने कहा कि सांसद कश्यप शिमला संसदीय क्षेत्र के 17 विधानसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं और नियमित रूप से जनता की समस्याओं का समाधान करते हैं। गर्ग ने विधायक सोलंकी से सवाल किया कि उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार द्वारा स्वीकृत संस्थानों को क्यों बंद किया और नाहन विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य क्यों ठप हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक मेडिकल कॉलेज भवन के रुके हुए निर्माण कार्य को ढाई साल से शुरू नहीं करा पाए हैं। पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को भी मौजूदा विधायक आगे नहीं बढ़ा रहे हैं।

गर्ग ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की गारंटियों के पूरा होने का इंतजार कर रही है, लेकिन सरकार उन्हें पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह और युवाओं को रोजगार देने के वादों को भी याद दिलाया। उन्होंने न्यूनतम बस किराया 5 रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये करने के फैसले को जनविरोधी बताया, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।