नाहन
प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से 1 जून से कक्षा 5 से 8 तक के छात्रों के लिए 6 सप्ताह का राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू
शिक्षा को खेल और गतिविधियों से जोड़ेगा समर कैंप
सिरमौर जिले में बच्चों की पढ़ाई को मजेदार और प्रभावशाली बनाने के लिए ‘कमाल का कैम्प-2025’ का शुभारंभ 1 जून से होने जा रहा है। यह अभियान प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के सहयोग से चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य कक्षा 5 से 8 के बच्चों की पढ़ने और गणित समझने की क्षमता को समुदाय स्तर पर मजबूत बनाना है।
पांवटा साहिब और कालाआम्ब को विशेष प्राथमिकता
गर्मी की छुट्टियों के दौरान पांवटा साहिब और कालाआम्ब क्षेत्रों में इस अभियान का अधिक असर देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में स्वयंसेवक प्रतिदिन 1 से 2 घंटे बच्चों के साथ बुनियादी गणितीय गतिविधियों जैसे संख्या पहचान, जोड़, घटाव, गुणा, भाग और तार्किक सोच पर कार्य करेंगे।
स्वयंसेवकों की भूमिका और प्रशिक्षण
इस कार्यक्रम में एनएसएस वॉलंटियर्स, गैर-सरकारी संगठनों के कार्यकर्ता और स्थानीय युवा स्वयंसेवकों के रूप में भाग लेंगे। इन स्वयंसेवकों को पूर्व प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा और अभियान के अंत में उन्हें प्रशंसा पत्र भी मिलेगा। कैम्प के पहले और अंतिम सप्ताह में बच्चों की गणितीय प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति और एएसईआर रिपोर्ट से प्रेरित पहल
यह अभियान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और एएसईआर 2024 की रिपोर्ट को ध्यान में रखते हुए बच्चों की बुनियादी शिक्षा को बेहतर करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा। शिक्षा के इस अभिनव मॉडल से सिरमौर जिले में शिक्षा का स्तर एक नई ऊंचाई पर पहुंचने की उम्मीद है।

