Loading...

सिरमौर में जनवादी महिला समिति का 9वां सम्मेलन संपन्न

Shailesh Saini 14 Jun 2025 Edited 14 Jun 1 min read

बढ़ती महिला हिंसा और महंगाई पर प्रस्ताव पारित, जिला कमेटी का गठन, संतोष कपूर बनी अध्यक्ष

हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (AIDWA) जिला सिरमौर का नौवां सांगठनिक सम्मेलन नाहन में संपन्न हो गया. इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य बढ़ती महिला हिंसा, बेलगाम महंगाई, युवाओं में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति, बंदरों, आवारा कुत्तों और अन्य आवारा पशुओं से जुड़ी समस्याओं, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और सांप्रदायिकता जैसे ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा करना और उनके खिलाफ प्रस्ताव पारित करना था.

राज्य सचिव फालमा चौहान ने अपने संबोधन में देश में पैदा हो रहे नफरती माहौल और महिलाओं पर लगातार बढ़ती हिंसा के मामलों पर गहरी चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है, जिससे आम जनता की क्रय शक्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है. चौहान ने केंद्र और प्रदेश सरकारों को जनविरोधी नीतियां लागू करने पर आमादा बताया.

सम्मेलन के दौरान नई जिला कमेटी का गठन किया गया, जिसमें संतोष कपूर को अध्यक्ष, अमिता चौहान को सचिव और आशा शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया. सुनीता शर्मा, कुब्जा और सेवती कमल को उपाध्यक्ष बनाया गया, जबकि फरीदा, पुष्पा और आशु सह-सचिव चुनी गईं. पूनम, नीशा, सीमा, सुदेश, सुमित्रा, अंजिता, मंजू, मीरा, रजनी, युक्ति, सीमा, प्रोमिला, अनीता तथा बसंती को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है.

यह सम्मेलन जनवादी महिला समिति की सिरमौर इकाई के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव था, जिसने जिले में महिलाओं के अधिकारों और जनहित के मुद्दों को उठाने का संकल्प लिया है.