Loading...
Uncategorized

सिरमौर में राजस्व लोक अदालतों से 21 हजार से अधिक मामलों का निपटारा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 20 Jun 2025 • 1 Min Read

अक्तूबर 2023 से मई 2025 तक जिले में 23,767 मामलों में से 21,081 का समाधान, हर माह के अंत में होती हैं अदालतें

नाहन

तेजी से हो रहा राजस्व मामलों का निपटारा, लोगों को मिल रही सुविधा

प्रदेश सरकार की नागरिक-केंद्रित सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला सिरमौर में राजस्व लोक अदालतों का सफल आयोजन किया जा रहा है। इन अदालतों के माध्यम से लोगों को घर-द्वार पर राजस्व संबंधी सेवाएं मिल रही हैं और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित हो रहा है।

अक्टूबर 2023 से मई 2025 तक हुआ 21,081 मामलों का निपटारा

जिला सिरमौर की तहसील और उप तहसीलों में अब तक 23,767 राजस्व मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 21,081 मामलों का समाधान हो चुका है। इनमें 15,823 इंतकाल के मामले थे, जिनमें से 15,486 का निपटारा कर दिया गया।

तकसीम, निशानदेही और दुरुस्ती के मामलों पर भी तेजी

राजस्व लोक अदालतों को 1,491 तकसीम के मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 803 मामलों का समाधान किया गया। वहीं 5,540 निशानदेही के मामलों में से 4,010 मामलों का निपटारा किया गया है। इसके अतिरिक्त, 913 दुरुस्ती मामलों में से 782 का समाधान किया गया है।

हर माह के अंत में आयोजित होती हैं अदालतें

जिला सिरमौर में प्रत्येक माह के अंतिम दो दिन राजस्व लोक अदालतों का आयोजन किया जाता है। यह अदालतें तहसील और उप तहसील स्तर पर संचालित होती हैं, जो जनता की समस्याओं को जमीनी स्तर पर हल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

Related Topics: