Loading...

सिविल अस्पताल सराहां में डॉक्टरों के 9 पद खाली, एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर नियुक्ति की मांग

Shailesh Saini 2 Aug 2025 Edited 2 Aug 1 min read

हिमाचल नाऊ न्यूज़ सराहां

सिरमौर जिले के सिविल अस्पताल सराहां में 11 में से 9 डॉक्टरों के पद खाली होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर जिला परिषद सदस्य नीलम शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम पच्छाद से मुलाकात कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 34 पंचायतों के लोग उपचार के लिए सराहां सिविल अस्पताल पर निर्भर हैं, लेकिन डॉक्टरों की कमी के कारण उन्हें नाहन, सोलन या शिमला जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है।

अस्पताल में 50 बिस्तर होने के बावजूद, डॉक्टरों की कमी से उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है।सदस्यों ने बताया कि अस्पताल को चलाने के लिए आस-पास की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) से डॉक्टरों को डेपुटेशन पर बुलाया जाता है, जिससे उन स्वास्थ्य केंद्रों में भी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार, स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से जल्द से जल्द खाली पदों को भरने की मांग की है, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

इस दौरान पूर्व पंचायत समिति सदस्य अजय शर्मा, सराहां पंचायत प्रधान सुरती चौहान, व्यापार मंडल प्रधान कुणाल गर्ग और अन्य स्थानीय लोग मौजूद थे।