Loading...

सीएम सुक्खू का बड़ा दावा—व्हाइट पेपर कमेटी खोलेगी भाजपा कार्यकाल के भ्रष्टाचार की परतें

Shailesh Saini • 47 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | शिमला हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा के पिछले कार्यकाल में कथित भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा दावा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने भाजपा कार्यकाल के दौरान हुए कथित भ्रष्टाचार की जांच के लिए व्हाइट पेपर कमेटी गठित की है और कमेटी की जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों को जनता के सामने रखा जाएगा।

सुक्खू ने स्पष्ट किया कि सरकार तथ्यों के आधार पर पूरे मामले को जनता के सामने लाएगी।मुख्यमंत्री ने भाजपा पर बिना मुद्दे की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए विधानसभा में रोजगार के मुद्दे पर विपक्ष के वॉकआउट को भी निशाने पर लिया।

उन्होंने कहा कि प्रश्नकाल के दौरान रोजगार को लेकर करीब आधे घंटे तक चर्चा हुई और विपक्ष को सवाल पूछने का पूरा अवसर दिया गया। इसके बावजूद भाजपा विधायक दल वॉकआउट कर सदन से बाहर चला गया।सुक्खू ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष को सवाल पूछने और चर्चा का पूरा मौका दिया था। ऐसे में अतिरिक्त सवाल पूछने की जिद के बाद सदन से बाहर निकलना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में अभी स्वास्थ्य और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होनी है और सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि सत्ता पक्ष किसी भी मुद्दे पर जवाब देने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने भाजपा को मुद्दों पर चर्चा करने की चुनौती देते हुए कहा कि सरकार विधानसभा में हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।

Related Topics: