सुक्खू का नाहन दौरा केवल भाषणों तक सीमित, सिरमौर को 40 महीनों में मिले जख्म : बिन्दल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नाहन में प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री के हालिया दौरे और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने सिरमौर जिले में विकास कार्यों और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी कई आरोप लगाए।
नाहन
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने नाहन में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हालिया दौरे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद मुख्यमंत्री नाहन विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे, जिससे जिला सिरमौर की जनता को उनसे बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन मुख्यमंत्री केवल विरोधियों को कोसकर लौट गए और क्षेत्र की जनता को कोई ठोस सौगात नहीं मिली।
डॉ. बिन्दल ने आरोप लगाया कि करीब 40 महीनों की कांग्रेस सरकार ने सिरमौर जिले को कई जख्म दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही जिले में 50 से अधिक संस्थानों को बंद कर दिया गया, जिनमें नाहन विधानसभा क्षेत्र की एक उप-तहसील, पांच पटवार सर्किल, पांच वैटनरी अस्पताल, चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और नौ स्कूल शामिल हैं। इससे इलाके की जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले का एकमात्र मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भवन, जो पहले तेज गति से निर्माणाधीन था, पिछले साढ़े तीन वर्षों से बंद पड़ा है। बिन्दल ने आरोप लगाया कि 261 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस प्रोजेक्ट को रोककर उसे खंडहर में तब्दील कर दिया गया है, जिससे हजारों मरीजों की स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।
डॉ. बिन्दल ने कहा कि माता एवं शिशु अस्पताल के निर्माण के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा 20 करोड़ रुपये दिए गए थे और स्थान व नक्शा भी तय हो चुका था, लेकिन 40 महीने बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। वहीं केंद्रीय बजट में स्वीकृत नर्सिंग कॉलेज के लिए 70 करोड़ रुपये का प्रावधान होने के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नाहन अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति भी चिंताजनक है। अस्पताल में 25 वेंटिलेटर बंद पड़े हैं, सीटी स्कैन के लिए मरीजों को दो से तीन सप्ताह तक इंतजार करना पड़ता है और एमआरआई मशीन तक उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा नवजात शिशुओं के लिए नियोनेटोलॉजी यूनिट, कैंसर और हृदय रोगियों के लिए आवश्यक सुविधाएं भी शुरू नहीं की जा सकी हैं।
डॉ. बिन्दल ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पूर्व भाजपा सरकार के समय स्वीकृत परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कर केवल श्रेय लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि टेनिस व स्क्वैश कोर्ट, धौलाकुआं पॉलिटेक्निक कॉलेज के भवनों और कई सड़कों सहित अनेक विकास कार्यों के लिए धन की स्वीकृति और प्रक्रिया पूर्व भाजपा सरकार के समय ही पूरी कर ली गई थी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस सरकार की नीतियों से निराश हो चुकी है और झूठी गारंटियों के दम पर बनी यह सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है।