हार देख अपने ही लोगों को मालाएं पहना पार्टी में शामिल कर रही कांग्रेस- रावत
HNN/नाहन
कांग्रेस पार्टी को अपनी हार साफ दिखाई दे रही है। इसी बौखलाहट में कांग्रेस के नेता अपने ही लोगों को मालाएं पहनाकर पार्टी में शामिल कर रहे हैं। ये आरोप सिरमौर भाजपा के जिला सह मीडिया प्रभारी प्रताप सिंह रावत ने जड़े। यहां जारी बयान प्रताप रावत ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के नेताओं को हार का डर सता रहा है।
भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता पार्टी छोड़ कांग्रेस में शामिल नहीं हुआ हैं। बल्कि कांग्रेस के लोग पार्टी छोड़कर भाजपा में जरूर शामिल हो रहे हैं। पन्ना प्रमुख सम्मेलन में भी कांग्रेस पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं। रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपनी सरकार होते हुए भी अपने विधायक एवं पूर्व विधायकों को नहीं संभाल पा रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी डूबता हुआ जहाज है। डूबते हुए जहाज में कोई भी व्यक्ति बैठना पसंद नहीं करता। रावत ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के पास न कोई नेता है और न ही कोई नीतियां हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा के पास नरेंद्र मोदी जैसा सशक्त नेतृत्व है, जिनका लोहा पूरी दुनिया मानती है। पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है।
रावत ने आरोप लगाया कि महागठबंधन में सारे भ्रष्ट नेता हैं, इसलिए वह मिलकर देश को लूटना चाहते हैं, लेकिन देश की जनता इन नेताओं पर कभी भी भरोसा नहीं करेगी। इसलिए इन सभी नेताओं को लोकसभा चुनाव में मुंह की खानी पड़ेगी।
देश व प्रदेश की जनता नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने जा रही है, क्योंकि मोदी देश की जनता को जो भी गारंटी देते हैं, उन सभी गारंटियों को समय रहते पूरा भी करते हैं।