Loading...

हिमाचल के किसानों के लिए बड़ी राहत: 8 अप्रैल से शुरू होगी गेहूं खरीद, MSP बढ़कर 2585 रुपये

Shailesh Saini • 7 Hours Ago • 1 Min Read

11 खरीद केंद्रों पर होगी खरीद, 255 किसानों ने कराया पंजीकरण

हिमाचल नाऊ न्यूज शिमला

हिमाचल प्रदेश के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश में 8 अप्रैल से गेहूं खरीद प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। सरकार ने इस बार गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में 160 रुपये की बढ़ोतरी करते हुए इसे 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। इसके साथ ही खाद्य आपूर्ति विभाग ने प्रदेशभर में खरीद प्रक्रिया को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

प्रदेश के 11 गेहूं खरीद केंद्रों पर किसानों से गेहूं की खरीद 8 अप्रैल से 15 जून तक की जाएगी। गेहूं बेचने के लिए किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण खाद्य आपूर्ति विभाग के पोर्टल पर शुरू हो चुका है और अब तक 255 किसानों ने अपनी फसल बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन करवा लिया है।

विभागीय जानकारी के अनुसार पंजीकृत किसानों में से 176 किसानों के आवेदन सत्यापित किए जा चुके हैं, जबकि 67 किसानों के टोकन भी जनरेट कर दिए गए हैं। अब जिन किसानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है, उन्हें पोर्टल के माध्यम से टोकन नंबर और खरीद की तारीख दी जाएगी, जिसके अनुसार वे संबंधित खरीद केंद्र पर पहुंचकर अपनी गेहूं की फसल बेच सकेंगे।

खाद्य आपूर्ति विभाग ने साफ किया है कि एक मोबाइल नंबर पर केवल एक ही पंजीकरण किया जा सकेगा। इसलिए किसानों को पंजीकरण करते समय अपनी जानकारी सही और पूरी भरनी होगी। पोर्टल पर फसल का पूरा ब्यौरा भरने के बाद ही खरीद प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

सरकार की ओर से एमएसपी में बढ़ोतरी को किसानों के लिए अहम राहत माना जा रहा है। खासकर ऐसे समय में जब खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, तब 2585 रुपये प्रति क्विंटल की दर किसानों को कुछ आर्थिक संबल दे सकती है।

अब प्रदेश के गेहूं उत्पादक किसानों की नजर 8 अप्रैल पर टिक गई है, जब सरकारी खरीद केंद्रों पर उनकी उपज की आधिकारिक खरीद शुरू होगी। उम्मीद है कि इस बार संगठित खरीद प्रणाली, ऑनलाइन टोकन और तय दर के चलते किसानों को पहले के मुकाबले अधिक सुविधा मिलेगी।

Related Topics: