HNN/ शिमला
शारदीय नवरात्रों को लेकर देवभूमि हिमाचल के विभिन्न शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ रही है। इसी कड़ी में शारदीय नवरात्रों के पांचवे दिन गुरुवार सुबह तक यहां के शक्तिपीठों में प्रदेश के साथ ही पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत अन्य राज्यों से 4 लाख 87 हजार 491 श्रद्धालुओं ने अपना शीश नवाया।
बता दें श्री नयनादेवी मंदिर में सबसे ज्यादा 1,48,840 और बाला सुंदरी मंदिर में 1,44,500 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। पुलिस महानिदेशक कार्यालय की तरफ से ये आंकड़ा जारी किया गया है, वहीं शारदीय नवरात्रों को देखते हुए पुलिस विभाग ने भी शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून एवं यातायात व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए ठोस प्रबंध किए हैं।
बता दें सभी शक्तिपीठों में जिला पुलिस के साथ भारतीय आरक्षित वाहिनियों से पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। प्रदेश पुलिस राज्य में स्थित शक्तिपीठों में आ रहे सभी श्रद्धालुओं की पेशेवर तरीके से सुरक्षा हेतु निरंतर कार्यरत व सदैव तत्पर है।

