हिमाचल नाऊ न्यूज़ की खबर का असर: नाहन मेडिकल कॉलेज सहित 8 अस्पतालों में लगेंगी 1.5 टेस्ला एमआरआई मशीनें
मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में बड़ा फैसला, नाहन में डिजिटल मेमोग्राफी भी होगी शुरू
शिमला/नाहन | हिमाचल नाऊ न्यूज़
प्रदेश के डॉ. वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन में मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और एमआरआई सहित आवश्यक जांच सेवाओं के अभाव को लेकर हिमाचल नाऊ न्यूज़ द्वारा प्रमुखता से उठाए गए मुद्दे के बाद सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में नाहन मेडिकल कॉलेज सहित प्रदेश के आठ अस्पतालों में 1.5 टेस्ला एमआरआई मशीनें स्थापित करने का फैसला लिया गया है।
इतना ही नहीं, नाहन जिला अस्पताल में डिजिटल मेमोग्राफी मशीन भी स्थापित की जाएगी, जिससे महिलाओं में स्तन कैंसर की समय रहते जांच संभव हो सकेगी। सरकार ने प्रदेशभर में 42 हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों की खरीद प्रक्रिया भी तेज कर दी है, जिनमें से 14 मशीनें पहले ही प्राप्त हो चुकी हैं।
इनका उपयोग विशेष रूप से दुर्गम क्षेत्रों में टीबी और छाती संबंधी बीमारियों की जांच के लिए किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी चिकित्सा उपकरणों की खरीद एम्स, नई दिल्ली के मानकों के अनुरूप की जाए। उन्होंने सरकारी मेडिकल कॉलेजों के रेडियोलॉजी विभागों को और मजबूत करने तथा मरीजों को आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
सरकार के अनुसार क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर, कुल्लू, ऊना और सोलन, जिला अस्पताल किन्नौर, डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन, क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला तथा पालमपुर में 1.5 टेस्ला एमआरआई मशीनें लगाई जाएंगी। वहीं प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अत्याधुनिक 3 टेस्ला एमआरआई मशीनें स्थापित करने की दिशा में भी काम चल रहा है।
बैठक में मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और तकनीशियनों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी सात सरकारी मेडिकल कॉलेजों में आवश्यक पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही गुणवत्तापूर्ण दवाइयों की खरीद प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी चमियाणा, आईजीएमसी शिमला, टांडा, हमीरपुर और नेरचौक मेडिकल कॉलेजों में 256 स्लाइस हाई-एंड सीटी स्कैन मशीनें भी स्थापित की जाएंगी।
इसके अलावा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में डिजिटल एक्स-रे और 4डी अल्ट्रासाउंड मशीनें भी उपलब्ध कराई जाएंगी।हिमाचल नाऊ न्यूज़ लगातार नाहन मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे मशीन, अल्ट्रासाउंड, विशेषज्ञ डॉक्टरों और अन्य मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाता रहा है। सरकार के इस फैसले से क्षेत्र के हजारों मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद जगी है।