हिमाचल में पहली रोबोटिक सर्जरी सुविधा की शुरुआत, सीएम सुक्खू ने स्वास्थ्य क्षेत्र में 34 करोड़ रुपये की सौगात दी
शिमला के चमियाना स्थित अटल चिकित्सा सुपर स्पेशियलिटी संस्थान में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राज्य की पहली रोबोटिक सर्जरी सुविधा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने 23 करोड़ रुपये की स्वचालित प्रयोगशाला और 11 करोड़ रुपये के छात्रावास निर्माण सहित कई बड़े स्वास्थ्य परियोजनाओं की घोषणा की।
शिमला
आम जनता के लिए उपलब्ध होगी अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी
सीएम ने रोबोटिक तकनीक से किए गए पहले ऑपरेशन का अवलोकन करते हुए कहा कि यह सुविधा अब आम नागरिकों के लिए सुलभ होगी। चरणबद्ध तरीके से आईजीएमसी शिमला, नेरचौक, टांडा और हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में भी यह सेवा शुरू होगी।

स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े निवेश की घोषणा
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में 3,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर रही है और पुरानी मशीनों को बदला जा रहा है। 3-टेस्ला एमआरआई मशीन की स्थापना के साथ-साथ तकनीशियन पाठ्यक्रमों में सीटें बढ़ाई गई हैं।
पेपरलेस लैब से मरीजों को ऑनलाइन रिपोर्ट
अटल इंस्टीट्यूट में राज्य की पहली पेपरलेस लैब शुरू की गई, जहां मरीजों को रिपोर्ट मोबाइल पर मिलेगी और डॉक्टर सीधे सिस्टम पर देख सकेंगे।