सोलन जिले में भाजपा के पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप के बेटे पर एक महिला ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला थाना सोलन में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोलन।
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि आरोपी ब्रजेश्वर कश्यप पिछले दो वर्षों से उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना रहा था। जब उसने शादी के लिए दबाव डाला, तो आरोपी ने साफ़ इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धारा अनुसार मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच जारी, गिरफ्तारी पर निर्णय जांच के बाद
एसपी सोलन गौरव सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही गिरफ्तारी से जुड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा से जुड़े परिवार का दूसरा मामला
सोलन में भाजपा नेताओं से जुड़े लोगों पर दुष्कर्म के आरोप का यह दूसरा मामला है। इससे पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल के 81 वर्षीय भाई पर एक युवती ने इलाज के बहाने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और वह फिलहाल रिमांड पर हैं।

