हिमाचल से मोदी कैबिनेट में अनुराग की जगह नड्डा हो सकते हैं शामिल
चिराग पासवान के नाम के बाद सिरमौर के नाहन में जशन
HNN/नाहन
पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे व पूर्व सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे अनुराग ठाकुर का इस बार मोदी कैबिनेट से नाम गायब हो सकता है। वहीं यह भी माना जा रहा है राज्यसभा सांसद हिमाचल के जगत प्रकाश नड्डा कैबिनेट में शामिल किए जा सकते हैं। बता दें कि जेपी नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मोदी कैबिनेट में बतौर स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं। यही नहीं मंत्री पद पर रहते हुए उनका कार्यकाल बेहतर भी माना गया है।
प्रदेश की 4 लोकसभा सीटों पर मिली जीत का श्रेय भी जेपी नड्डा को जाता है। इसके साथ-साथ संगठन पर अच्छी पकड़ रखने के चलते उनके कूटनीतिक प्रभाव को भी अधिमान मिल सकता है। प्रदेश की चार लोकसभा सीटों में सबसे ज्यादा मत कांगड़ा सीट पर राजीव भारद्वाज ने 251895 वोट लेकर बाकी तीनों को पिछाड़ा भी है।
इसमें कोई शक नहीं है कि यदि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ जीतकर आई तो प्रदेश से अनुराग ठाकुर और कंगना रनौत को भी कैबिनेट में जगह मिल सकती थी। मगर इस समय भाजपा के सामने अपने सहयोगी दलों को भी प्राथमिकता देनी है। यही नहीं नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू के सहयोग की बैसाखी पर तीसरी पारी का सफर तय करने वाले नरेंद्र मोदी के लिए एक बेहतर समन्वय में बनाए रखना उनकी बड़ी मजबूरी भी होगी।
कूटनीतिक नजरिए से माना तो यह भी जा रहा है कि कुछ समय के बाद आर्थिक संकट से उबरते ही दोनों प्रमुख सहयोगी दल इंडिया गठबंधन से भी छक्का पंजा लड़ाकर और अधिक महत्वाकांक्षी हो सकते हैं। वहीं सबसे बड़ी चर्चा इस समय चिराग पासवान के कैबिनेट में एंट्री होने के बाद प्रदेश में हो रही है। बता दें कि स्वर्गीय सदानंद चौहान 2003 में लोक जनशक्ति पार्टी से विधायक रह चुके हैं।
चिराग पासवान के पिता रामविलास पासवान केंद्रीय मंत्रिमंडल में रहते हुए कई बार नाहन भी आ चुके हैं। हिमाचल प्रदेश में लोक जनशक्ति पार्टी का खाता खोलने के बाद सदानंद चौहान का कद भी तक रुतबा हासिल कर चुका था। सदानंद चौहान सामान्य तथा मिलनसार व्यक्तित्व के नेता थे। उन्होंने अपने दम पर विकास के कई कार्य ऐसे किए थे जिनके किस्से आज भी काफी चर्चित रहते हैं।
स्व. सदानंद चौहान के पुत्र नितिन चौहान उर्फ टिंकू और उनके सहयोगियों के द्वारा चिराग पासवान की जीत और अब उनके कैबिनेट में नाम की चर्चा के बाद मिठाइयां बांटकर खुशियां भी मनाई गई। माना तो यह भी जा रहा है कि आने वाले समय में लोक जनशक्ति पार्टी से एक बार फिर चौहान परिवार राजनीतिक मैदान में बिसात बिछा सकता है। सदानंद चौहान के सुपुत्र नितिन चौहान उर्फ टिंकू का सामाजिक रसूख आज भी बराबर बना हुआ है।
चिराग पासवान की जीत व उनका नाम कैबिनेट में शामिल होने के बाद लोग जनशक्ति पार्टी से जुड़े हुए सैकड़ो कार्यकर्ता भी फिर से एक नई उम्मीद के साथ जागृत हो गए हैं। वहीं नितिन चौहान ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि चिराग पासवान के मंत्री पद मिल जाने के बाद वह उन्हें नाहन आने का निमंत्रण भी देंगे। उन्होंने बताया कि चिराग पासवान अपने पिता के साथ पहले भी नाहन आ चुके हैं।