10 साल पुराने आधार कार्ड का अपडेट कराना अनिवार्य, सत्यापन में दिक्कत से बचने की अपील
जिन नागरिकों का आधार कार्ड 10 वर्ष पहले बना है और अब तक अपडेट नहीं हुआ है, उन्हें तुरंत अपने दस्तावेज अपडेट कराने होंगे। समय पर अपडेट न होने पर विभिन्न सेवाओं और सत्यापन प्रक्रियाओं में परेशानी आ सकती है।
सिरमौर/नाहन
जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक में निर्देश
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि 10 वर्ष पुराने आधार कार्ड का अपडेट कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबे समय से अपडेट न होने पर आधार प्रमाणीकरण में असुविधा हो सकती है।
बच्चों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट पर विशेष जोर
उपायुक्त ने बताया कि 5 और 15 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का आधार बायोमैट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है, जबकि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का आधार बनवाना भी जरूरी है। निर्धारित अवधि के भीतर अपडेट न होने पर आधार निष्क्रिय होने की संभावना रहती है।
फोटो, फिंगरप्रिंट और मोबाइल नंबर अपडेट जरूरी
उन्होंने कहा कि 5 और 15 वर्ष की आयु के बाद बच्चों के चेहरे की फोटो, मोबाइल नंबर, हाथों के फिंगरप्रिंट और पता आदि आधार में अपडेट करवाना आवश्यक है। 5–7 वर्ष तथा 15–17 वर्ष की आयु के बीच अनिवार्य बायोमैट्रिक अपडेट की सुविधा निशुल्क उपलब्ध है।
प्रतियोगी परीक्षाओं में आधार प्रमाणीकरण अहम
उपायुक्त ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं, प्रवेश प्रक्रियाओं और विभिन्न आवेदनों में आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य हो गया है। यूआईडीएआई के मानकों के अनुसार यदि आधार में आवश्यक बायोमैट्रिक अपडेट (एमबीयू) या मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है, तो प्रमाणीकरण विफल हो सकता है, जिससे आवेदन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
बैठक में अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में यूआईडीएआई के क्षेत्रीय कार्यालय से अभिषेक कुमार सहित जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति के सदस्य उपस्थित रहे।