40 हजार करोड़ कर्ज लेने के बाद भी विकास कार्य ठप: डॉ. बिंदल
बोले -भाग रही है कांग्रेस सरकार अपनी जिम्मेदारियों से
नाहन।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने हिमाचल प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर जनता के प्रति जवाबदेही से भागने का गंभीर आरोप लगाया है। डॉ. बिंदल मंगलवार को नाहन में भाजपा माता त्रिलोकपुर मंडल की संगठनात्मक बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 2022 में जनता ने कांग्रेस को सत्ता सौंपी, लेकिन इस सरकार के तीन साल पूरे हो गए हैं और मुख्यमंत्री व मंत्रियों ने आज तक प्रदेश के जनमानस की सुध नहीं ली है।
डॉ. बिंदल ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लगातार भाजपा को कोसकर एक नया नेरेटिव बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि जनता ने उन्हें दायित्व दिया है और उनसे अपेक्षा करती है कि वे उनकी चिंता करें।
उन्होंने कांग्रेस की गारंटियों पर सवाल खड़े करते हुए पूछा कि कहाँ गए पाँच लाख रोजगार और बहनों के 1500 रुपये? उन्होंने कहा कि जनता ने एक लाख सरकारी नौकरी की उम्मीद में सरकार बनाई,
मगर आज बेरोजगार युवक सड़कों पर नारे लगाने को मजबूर हैं। इसी तरह, जिन 28 लाख बहनों ने कांग्रेस को सत्ता की चाबी सौंपी थी, वे आज भी 1500 रुपये के इंतजार में हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि किसान, बागवान, युवा, मजदूर, कर्मचारी, और पैंशनर्स सभी सरकार की बेरुखी से त्रस्त हैं, जबकि कांग्रेस सरकार अपने आनंद में मस्त है।
उन्होंने संस्थानों को बंद करने को हिमाचल प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार के इतिहास का “सबसे बड़ा काला अध्याय” बताया। डॉ. बिंदल ने कहा कि डेढ़ लाख सरकारी पदों को समाप्त करके बेरोजगार युवाओं के साथ अन्याय किया गया है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि सत्ता में आने के लिए दी गई गारंटियां पूरी क्यों नहीं हो रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि 40 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने के बावजूद भी प्रदेश में विकास कार्य ठप क्यों हैं, और स्कूल, कॉलेज, अस्पताल जैसे सरकारी संस्थान क्यों बंद हो रहे हैं। डॉ. बिंदल ने कहा कि इन सभी सवालों के जवाब कांग्रेस सरकार को देने ही पड़ेंगे।