Loading...

563 बिजली उपभोक्ताओं को नोटिस जारी, इतने दिन के बाद कट जायेगा कनेक्शन

PRIYANKA THAKUR • 22 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN / चंबा

समय पर बिल की अदायगी न करने वाले उपभोक्ताओं पर बिजली बोर्ड ने शिकंजा कसते हुए उन्हें 15 दिन का समय दिया है। 15 दिन के बाद इन उपभोक्ताओं के अस्थाई तौर पर कनेक्शन काट दिए जाएंगे। बता दें कि जिला में 563 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किया है। नोटिस में 15 दिन के भीतर इन उपभोक्ताओं को बिल जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

यदि 15 दिन के भीतर भी यह उपभोक्ता अपना बिल जमा नहीं करवाते हैं तो इनके कनेक्शन अस्थाई तौर पर काट दिए जाएंगे, साथ ही दोबारा कनेक्शन लेने के लिए इन्हें ढाई सौ रुपए अतिरिक्त शुल्क देना होगा। जानकारी के मुताबिक इन उपभोक्ताओं के पास बोर्ड की 34,85,108 रुपये की राशि बिजली बिल के रूप में फंसी हुई है।

हालांकि बोर्ड ने कई बार उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करवाने संबंधित हिदायतें दीं, लेकिन अभी तक उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा करवाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। ऐसे में विभाग ने यह कदम उठाया और उपभोक्ता को अंतिम नोटिस जारी किया।