Loading...

67 सूनी गोदों को खुशियों से भरने वाली डॉ. नितिका शर्मा सम्मानित

Shailesh Saini • 52 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज राजगढ़ सिरमौर

कहते हैं ऊपर बैठे भगवान को किसी ने देखा नहीं, लेकिन जब किसी की वर्षों पुरानी मुराद पूरी होती है और उसके जीवन में खुशियों की किलकारी गूंजती है तो उस खुशी का माध्यम बनने वाला डॉक्टर किसी भगवान से कम नहीं लगता। जिला सिरमौर के 67 निःसंतान दंपतियों के लिए ऐसी ही उम्मीद की किरण बनी हैं सिविल अस्पताल राजगढ़ की स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. नितिका शर्मा, जिनके प्रयासों से 67 परिवारों को संतान सुख मिला है।

डॉ. नितिका शर्मा की इस उल्लेखनीय सेवा के लिए मंगलवार को राजगढ़ विश्राम गृह में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विधायक रीना कश्यप ने उन्हें शॉल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।विधायक रीना कश्यप ने कहा कि डॉ. शर्मा ने अपने करीब ढाई वर्ष के कार्यकाल में समर्पण, संवेदनशीलता और निरंतर प्रयासों से चिकित्सा क्षेत्र में मिसाल कायम की है।

उन्होंने कहा कि संतान की उम्मीद खो चुके दंपतियों के जीवन में खुशियां लौटाना केवल चिकित्सा उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके लिए भावनात्मक और सामाजिक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण बदलाव है।सम्मान समारोह में डॉ. नितिका शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय सिविल अस्पताल राजगढ़ के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों को दिया।

उन्होंने कहा कि इस मिशन को सफल बनाने में पूरी टीम ने सहयोग किया। उपचार के दौरान कुछ आवश्यक दवाइयां चंडीगढ़ और मुंबई से मंगवानी पड़ीं, जिसमें स्थानीय केमिस्टों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग किया।डॉ. शर्मा ने कहा कि मरीजों की बेहतर सेवा करना उनका दायित्व है।

जब किसी परिवार को लंबे इंतजार के बाद संतान का सुख मिलता है तो वह उनके लिए भी अत्यंत संतोष और खुशी का क्षण होता है।व्यापार मंडल राजगढ़ के अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने भी डॉ. शर्मा की सेवाओं की सराहना की और कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।

समारोह में नगर पंचायत राजगढ़ के अध्यक्ष विक्रम जेलदार, उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, व्यापार मंडल उपाध्यक्ष राकेश मैनी सहित अन्य गणमान्य लोग, अस्पताल कर्मी तथा संतान सुख प्राप्त कर चुके दंपति उपस्थित रहे।

Related Topics: