Loading...
Uncategorized

9 जुलाई को सिरमौर में सभी आंगनवाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, न्यूनतम वेतन ₹21,000 की मांग को लेकर आंदोलन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 Jul 2025 • 1 Min Read

केंद्र सरकार की श्रम नीतियों के विरोध में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं पूरे देश में एकजुट होंगी। सिरमौर ज़िले में भी 9 जुलाई को सभी केंद्र बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

नाहन

केंद्र की श्रम नीतियों के खिलाफ सीधा विरोध, यूनियन ने ₹21,000 वेतन की मांग दोहराई

जिलेभर में आंदोलन की तैयारी
सिरमौर जिले में आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन ने 9 जुलाई को संयुक्त ट्रेड यूनियन के आह्वान पर सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का फैसला लिया है। यूनियन ने ऐलान किया है कि नाहन, शिलाई, पांवटा साहिब और राजगढ़ समेत तमाम क्षेत्रों में विरोध रैलियां आयोजित की जाएंगी।

पिछले 11 वर्षों में नहीं बढ़ा वेतन
यूनियन की जिला इकाई, जिसमें महासचिव वीना शर्मा और अध्यक्ष श्यामा समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हैं, ने कहा कि केंद्र सरकार आंगनवाड़ी कर्मियों पर काम का दबाव तो बढ़ा रही है, लेकिन वेतन और सुरक्षा की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले ग्यारह वर्षों से वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।

ECCE केंद्रों और पोषण ट्रेकर पर जताई नाराजगी
आंगनवाड़ी कर्मियों ने नई शिक्षा नीति के तहत ECCE केंद्रों के संचालन से उत्पन्न रोजगार संकट और प्री-नर्सरी की स्थिति पर भी गहरी चिंता जताई है। साथ ही पोषण ट्रेकर की निगरानी प्रक्रिया को अमानवीय बताया, जिसमें कार्यकर्ताओं को जवाबदेही के नाम पर प्रताड़ना झेलनी पड़ती है।

सीटू के बैनर तले ज़िला भर में विरोध रैली
यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर तीन-तीन महीने तक मानदेय न देने जैसी स्थितियां बनी रहीं तो भविष्य में आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस दिन जिला के सभी आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे और सीआईटीयू के नेतृत्व में सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।