HNN / चंबा
महिला एवं बाल विकास के तत्वावधान में राजकीय उच्च विद्यालय खैरी में ‘वो दिन’ योजना के अन्तर्गत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डाॅ. चंचल गौतम ने शिविर में मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया। डाॅ. चंचल गौतम ने कहा कि ‘वो दिन’ योजना का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान हिम्मत व सहारा प्रदान करना है।
उन्होंने मासिक धर्म के दौरान उचित आहार-व्यवहार की जानकारी दी और बताया कि इस दौरान हर रोज स्नान करना आवश्यक होता है। कपड़ा या नैपकिन लगाने से पहले और बाद में साबुन से हाथ अवश्य धोने चाहिए। एक नैपकिन का एक बार ही इस्तेमाल करें। उन्होंने इस दौरान महिलाओं एवं बच्चों में एनीमिया की रोकथाम के लिए विस्तृत जानकारी भी प्रदान की।
पोषण अभियान जिला समन्वयक, विकास शर्मा ने कहा कि जिला स्तरीय और खण्ड स्तरीय जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों को इस योजना से सम्बंधित सम्पूर्ण जानकारी स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा प्रदान की जा रही हैं।

