Loading...

सिरमौर में दो सड़क हादसे, एक महिला की मौत और दो घायल, पुलिस ने दर्ज किए मामले

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 23 Feb 2026 • 1 Min Read

जिला सिरमौर में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। दोनों मामलों में संबंधित चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सिरमौर/पांवटा साहिब-नाहन

माजरा क्षेत्र में सड़क पार करते समय महिला की मौत

पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत गांव टोकियों में एक 76 वर्षीय महिला की सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। शिकायतकर्ता शुभम पुत्र मस्तराम चौधरी निवासी गांव टोकियों ने बताया कि उनकी ताई श्रीमती राम कौर पत्नी स्वर्गीय छोटा राम सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल (HP17C4760) ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक विचित्र सिंह निवासी कोलर, तहसील पांवटा साहिब के खिलाफ धारा 281 और 106 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नाहन में पिकअप और मोटरसाइकिल की टक्कर, दो घायल

दूसरा हादसा मलंगाव के पास हुआ, जहां ददाहु से नाहन की ओर आते समय एक पिकअप (PB19X3578) ने मोटरसाइकिल (HP85AA0546) को टक्कर मार दी। शिकायतकर्ता जगत सिंह चौहान निवासी गांव शिली अधोग के अनुसार दुर्घटना में वह स्वयं और उनके साथी सतपाल घायल हुए हैं।
पुलिस थाना सदर नाहन में पिकअप चालक गुरदीता सिंह निवासी राजपुरा, पटियाला (पंजाब) के खिलाफ धारा 281 और 125(a) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने दोनों मामलों में जांच जारी होने की पुष्टि की है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय गति नियंत्रण में रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।