पांवटा साहिब के अभिनव ठाकुर का भारतीय अंडर-17 वॉलीबॉल टीम के कैंप के लिए चयन
पांवटा साहिब के अभिनव ठाकुर का चयन भारतीय अंडर-17 वॉलीबॉल टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। आगामी विश्व वॉलीबॉल चैम्पियनशिप 2026 की तैयारियों के तहत आयोजित इस शिविर में देशभर के संभावित खिलाड़ियों को मौका दिया जा रहा है। अभिनव के चयन से जिला सिरमौर के खेल जगत में खुशी की लहर है।
नाहन
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब के अभिनव ठाकुर का चयन भारतीय अंडर-17 (17 वर्ष से कम आयु वर्ग) वॉलीबॉल टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। यह उपलब्धि जिले के खेल जगत के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण मानी जा रही है। जिला सिरमौर वॉलीबॉल संघ के महासचिव भूपेंद्र चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 17 वर्ष से कम आयु वर्ग विश्व वॉलीबॉल चैम्पियनशिप 2026 का आयोजन 19 से 29 अगस्त तक क़तर में किया जाएगा। इसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए भारतीय अंडर-17 वॉलीबॉल टीम के संभावित खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें अभिनव ठाकुर को अवसर मिला है।
इस अवसर पर जिला सिरमौर वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष पृथ्वीराज ठाकुर एवं महासचिव भूपेंद्र चौहान ने अभिनव के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आशा जताई कि अभिनव प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम में अंतिम चयन प्राप्त करेगा। संघ पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि अभिनव का भारतीय टीम में चयन होता है, तो वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश तथा देश का नाम रोशन करेगा।