Loading...

Accident / भुंतर में बेकाबू गाड़ी ने बस का इंतजार कर रहे परिवार को मारी टक्कर, युवती एम्स रेफर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 58 Mins Ago • 1 Min Read

Accident / कुल्लू जिले के भुंतर के समीप शाढ़ाबाई में एक तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर बस का इंतजार कर रहे परिवार से टकरा गई। हादसे में 22 वर्षीय युवती कोमल गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। परिवार के तीन अन्य सदस्यों ने किसी तरह खुद को बचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कुल्लू/भुंतर

जानकारी के अनुसार, हरियाणा के फतेहगढ़ का रहने वाला एक परिवार शाढ़ाबाई में काली माता मंदिर के सामने सड़क किनारे खड़ा होकर बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान महाराष्ट्र नंबर की तेज रफ्तार गाड़ी एमएच 04 एमजेड 5889 अनियंत्रित हो गई और परिवार के सदस्यों को टक्कर मारने के बाद पास स्थित एक भवन से जा टकराई। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सहायता के लिए पहुंचे।

गाड़ी की चपेट में आने से 22 वर्षीय कोमल को गंभीर चोटें आईं, जबकि परिवार के तीन सदस्य खुद को बचाने में सफल रहे। घायल युवती को तत्काल क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। हादसे में किसी की जान नहीं गई है।

वाहन कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है तथा गाड़ी में सवार एक व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारणों का पता चल सकेगा।

Related Topics: •