Accident / जन्मदिन की रात घर से 200 मीटर दूर अज्ञात वाहन की टक्कर से अमन जम्वाल की मौत
Accident / कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां क्षेत्र स्थित चाहड़ी में जन्मदिन की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से मर्चेंट नेवी में कार्यरत अमन जम्वाल की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह पैदल घर लौट रहा था और अपने घर से करीब 200 मीटर दूर था। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन और आरोपी की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
कांगड़ा/नगरोटा बगवां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चाहड़ी निवासी अमन जम्वाल पुत्र अशोक जम्वाल सोमवार रात पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। घर पहुंचने से करीब 200 मीटर पहले एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक वाहन चालक घायल युवक को सड़क पर छोड़कर फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल अमन को उपचार के लिए तत्काल सिविल अस्पताल नगरोटा बगवां पहुंचाया।
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद अमन को मृत घोषित कर दिया। अमन मर्चेंट नेवी में सेवारत था और पिछले दो से तीन महीनों से छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। सोमवार को उसका जन्मदिन था। हादसे के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है। अमन अपने पीछे एक मासूम बेटे और गर्भवती पत्नी को छोड़ गया है। घर से कुछ ही दूरी पर हुई इस दुर्घटना से परिजन गहरे सदमे में हैं।
अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस थाना प्रभारी संजीव कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मंगलवार को अमन के शव का टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार चालक की तलाश और मामले की जांच जारी है।