Agriculture / पांवटा साहिब मंडी में सबसे अधिक हुई गेहूं खरीद, किसानों को 11 करोड़ से अधिक भुगतान
Agriculture : हिमाचल प्रदेश में चल रही गेहूं खरीद प्रक्रिया के दौरान जिला सिरमौर की पांवटा साहिब अनाज मंडी में सबसे अधिक गेहूं की खरीद दर्ज की गई है। राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के अनुसार 8 अप्रैल से 24 मई तक प्रदेशभर में हजारों किसानों ने गेहूं बेचकर सरकारी खरीद योजना का लाभ उठाया है।
सिरमौर/पांवटा साहिब
जानकारी के अनुसार प्रदेशभर में 1601 किसानों ने राज्य खाद्य आपूर्ति निगम की वेबसाइट पर पंजीकरण कराया, जिनमें से 1570 किसानों को गेहूं बिक्री के लिए टोकन जारी किए गए। रविवार शाम तक 1176 किसानों ने कुल 4442.20 मीट्रिक टन गेहूं मंडियों में बेची। इसके बदले निगम की ओर से 1120 किसानों को 11.17 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष किसानों को आगामी 48 घंटों के भीतर भुगतान किए जाने की बात कही गई है।
प्रदेश की विभिन्न मंडियों में गेहूं खरीद के आंकड़ों में पांवटा साहिब मंडी सबसे आगे रही। यहां 448 किसानों ने 1472.45 मीट्रिक टन गेहूं बेची। वहीं जिला सिरमौर की धौलाकुआं मंडी में 155 किसानों ने 413.35 मीट्रिक टन गेहूं की बिक्री की।
प्रदेश की अन्य मंडियों में भी जारी रही खरीद प्रक्रिया
ऊना जिले की रामपुर मंडी में 69 किसानों ने 272.55 मीट्रिक टन और टकारला मंडी में 29 किसानों ने 197.80 मीट्रिक टन गेहूं बेची। सोलन जिले की बद्दी मंडी में 34 किसानों ने 103.80 मीट्रिक टन और नालागढ़ मंडी में 152 किसानों ने 484.20 मीट्रिक टन गेहूं की बिक्री की।
कांगड़ा जिले की फतेहपुर मंडी में 13 किसानों ने 50.30 मीट्रिक टन, मिलवा मंडी में 55 किसानों ने 248.20 मीट्रिक टन और रियाली मंडी में 221 किसानों ने 1199.55 मीट्रिक टन गेहूं बेची। राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के एरिया मैनेजर नरेश चड्ढा ने बताया कि प्रदेश में सबसे अधिक खरीद पांवटा साहिब अनाज मंडी में हुई है और गेहूं खरीद प्रक्रिया लगातार जारी है।