Loading...

एम्स बिलासपुर के लिए 10 सीधी इलेक्ट्रिक बस सेवाएं, रोज एक हजार से अधिक मरीजों और तीमारदारों को लाभ

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

एम्स बिलासपुर तक मरीजों और उनके तीमारदारों की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम 10 इलेक्ट्रिक बस सेवाएं संचालित कर रहा है। इन सेवाओं से रोजाना एक हजार से अधिक मरीज और परिचारक लाभान्वित हो रहे हैं। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के अनुसार, प्रदेश के अन्य क्षेत्रों को भी आवश्यकता के आधार पर इस सुविधा से जोड़ा जाएगा।

बिलासपुर

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को सुगम और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान में चिंतपूर्णी, ऊना, हरोली, सोलन, मंडी और जाहू से एम्स बिलासपुर के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवाएं चलाई जा रही हैं। बिलासपुर जिले के करलोटी, बंदला, शाहतलाई, घुमारवीं और बिलासपुर से भी एम्स तक सीधी बस सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।

घुमारवीं और बिलासपुर से नियमित संचालन

घुमारवीं से एम्स बिलासपुर के लिए प्रतिदिन चार बार, जबकि बिलासपुर से आठ बार बसों का संचालन किया जा रहा है। इन सीधी सेवाओं के कारण मरीजों और उनके परिचारकों को रास्ते में बसें बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ती। इससे वे उपचार, जांच और फॉलोअप के लिए निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंच पा रहे हैं। टैक्सी और निजी वाहनों पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी कम हुआ है।

नालागढ़, बद्दी और नाचन से भी शुरू होंगी सेवाएं

उप-मुख्यमंत्री ने बताया कि नालागढ़ से रामशहर होते हुए और बद्दी से बघेरी होते हुए एम्स बिलासपुर के लिए दो नई इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके अलावा नाचन विधानसभा क्षेत्र से भी नई बस सेवा आरंभ करने की योजना है। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार आने वाले समय में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों को भी एम्स बिलासपुर की सीधी बस सुविधा से जोड़ा जाएगा।

इन बस सेवाओं का लाभ ले चुके मरीजों और तीमारदारों के अनुसार, लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें मरीजों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए सुविधाजनक हैं। नियमित उपचार और जांच के लिए एम्स आने वाले लोगों को इन सेवाओं से यात्रा में आसानी हो रही है। सीधी बस उपलब्ध होने से उनके समय की बचत के साथ अस्पताल तक पहुंचने में होने वाला परिवहन खर्च भी कम हो रहा है।

Related Topics: •