एटक के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट जगदीश भारद्वाज के निधन पर सीटू जिला सिरमौर ने जताया शोक
नाहन: हिमाचल प्रदेश एटक के प्रदेश अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं सोलन निवासी एडवोकेट जगदीश भारद्वाज के निधन पर सीटू जिला सिरमौर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। संगठन ने इसे प्रदेश के श्रमिक, किसान और जनवादी आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उनके निधन से मेहनतकश वर्ग ने एक प्रतिबद्ध, निर्भीक और संघर्षशील नेता को खो दिया है।
नाहन
सीटू जिला सिरमौर के अध्यक्ष राजेश तोमर, जिला महासचिव आशीष कुमार और कोषाध्यक्ष वीना शर्मा द्वारा जारी संयुक्त शोक संदेश में कहा गया कि कॉमरेड जगदीश भारद्वाज ने अपना संपूर्ण जीवन मजदूर वर्ग के अधिकारों, सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा शोषण और अन्याय के खिलाफ संघर्ष को समर्पित किया। वे केवल एक वरिष्ठ अधिवक्ता नहीं थे, बल्कि मजदूरों, कर्मचारियों और समाज के वंचित वर्गों की बुलंद आवाज भी थे।
सीटू नेताओं ने कहा कि जब भी मेहनतकश जनता के अधिकारों पर संकट आया, कॉमरेड जगदीश भारद्वाज हमेशा संघर्ष की अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे। उन्होंने श्रमिक हितों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाई और ट्रेड यूनियन आंदोलन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में श्रम कानूनों में बदलाव, सार्वजनिक क्षेत्र के निजीकरण, ठेका प्रथा के विस्तार और ट्रेड यूनियन अधिकारों पर बढ़ते दबाव के बीच कॉमरेड जगदीश भारद्वाज जैसे अनुभवी और वैचारिक नेतृत्व का चले जाना पूरे श्रमिक आंदोलन के लिए बड़ी क्षति है। उनका संघर्ष, वैचारिक स्पष्टता और मेहनतकश वर्ग के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
सीटू जिला सिरमौर ने दिवंगत नेता को लाल सलाम करते हुए उनके अधूरे सपनों और श्रमिक वर्ग के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। साथ ही शोक संतप्त परिवार, एटक के सभी साथियों और शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
