Loading...

अम्ब में झुकी शाखाओं और बंद नाली से परेशानी, विधायक के निर्देश के बाद भी समाधान नहीं

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 30 Mins Ago • 1 Min Read

विधायक के निर्देश के एक माह बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था

ऊना/वीरेंद्र बन्याल जिला ऊना के अम्ब शहर के बीचोंबीच स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह के बाहर पेड़ों की सड़क की ओर झुकी बड़ी-बड़ी शाखाएं और गंदगी से अटी पड़ी नाली लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब एक माह पहले चिंतपूर्णी विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने संबंधित विभागों को दोनों समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

विश्राम गृह की सीमा में लगे विशाल पेड़ों की कई शाखाएं सड़क की ओर काफी दूर तक झुक चुकी हैं। कुछ शाखाएं सड़क को पार करते हुए दुकानों के ऊपर तक पहुंच गई हैं। ऐसे में तेज हवाओं और बारिश के दौरान इनके टूटकर गिरने से हादसे की आशंका बनी हुई है। दूसरी ओर, सड़क किनारे बनी नाली लंबे समय से गाद और गंदगी से भरी होने के कारण पानी की निकासी भी प्रभावित हो रही है।

दुकानदार बोले- दो-तीन साल से चल रही जिम्मेदारी की खींचतान

स्थानीय दुकानदार वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों से संबंधित विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्राम गृह के पेड़ों की टहनियां एनएच को पार कर दुकानों के ऊपर तक पहुंच चुकी हैं। आंधी-तूफान के दौरान इनके टूटने से बड़ा हादसा हो सकता है।

उन्होंने कहा कि नाली में निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह गाद और गंदगी से भरी रहती है तथा आसपास दलदल जैसी स्थिति बन जाती है। विधायक के निर्देश के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने प्रशासन से पेड़ों की तत्काल छंटाई करवाने तथा स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था होने तक उचित अस्थायी व्यवस्था करने की मांग की।

बारिश में पंचवटी कॉलोनी की ओर जाने लगता है पानी

स्थानीय निवासी राकेश शर्मा ने कहा कि नाली गाद और गंदगी से भर जाने के कारण बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित हो जाती है। इसके चलते बारिश का पानी पंचवटी कॉलोनी की ओर जाने लगता है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों से समस्या का स्थायी समाधान जल्द करने की मांग की।

नाली बंद करने से निचली बस्तियों में घुस सकता है पानी

एनएच विभाग के एसडीओ नरेश कौशल ने कहा कि नाली को बंद करना समस्या का समाधान नहीं है। यदि नाली बंद की जाती है तो पानी सीधे सामने स्थित कॉलोनी में घुस सकता है। इसलिए निकासी व्यवस्था को सुचारू रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जलनिकासी को लेकर स्थानीय स्तर पर जो समस्या या विरोध है, उसे प्रशासन के साथ समन्वय कर जल्द सुलझाया जाएगा। नाली की सफाई भी जल्द करवाई जाएगी।

पार्षद बोले- दोनों विभागों को भेजेंगे लिखित प्रस्ताव

वार्ड पार्षद गौरव ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। साथ लगते वार्ड के पार्षद से समन्वय कर संबंधित दोनों विभागों को जल्द लिखित प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि समस्या का समाधान करवाया जा सके।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि संभावित हादसे को देखते हुए सड़क की ओर झुकी पेड़ों की खतरनाक शाखाओं की तत्काल छंटाई करवाई जाए। साथ ही नाली की सफाई और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों और दुकानदारों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Topics: