ऊना में एंटी चिट्टा वॉकथॉन की तैयारियों का पुलिस महानिरीक्षक विमल गुप्ता ने लिया जायजा
ऊना में युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने के लिए आयोजित होने वाली एंटी चिट्टा वॉकथॉन की तैयारियों का शनिवार को हिमाचल प्रदेश पुलिस के महानिरीक्षक विमल गुप्ता ने जायजा लिया। उन्होंने इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम में आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा प्रतिभागियों की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में होने वाली वॉकथॉन का प्रस्तावित रूट इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम ऊना से शुरू होकर बेदी पेट्रोल पंप के रास्ते आईएसबीटी ऊना तक रहेगा। इसके बाद प्रतिभागी वापस इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम पहुंचेंगे। पुलिस महानिरीक्षक ने वॉकथॉन में भाग लेने वाले बच्चों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित आयोजन से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों से बेहतर समन्वय बनाकर काम करने को कहा।
हेल्थ चेकअप बूथ और प्रवेश-निकासी व्यवस्था की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान स्टेडियम के प्रवेश और निकासी द्वारों की व्यवस्था, बच्चों को उपलब्ध करवाई जाने वाली रिफ्रेशमेंट तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्थापित किए जाने वाले दो हेल्थ चेकअप बूथ पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम स्थल पर बलून उड़ाने सहित अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान बच्चों और अन्य प्रतिभागियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
विमल गुप्ता ने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान को सफल बनाने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने आम लोगों, विशेषकर युवाओं से एंटी चिट्टा अभियान से जुड़कर नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी डरोह खुशहाल शर्मा, एसपी सचिन हिरेमठ, एडीसी इशांत जसवाल, आईआरबीएन बनगढ़ की कमांडेंट आकृति शर्मा, नगर निगम ऊना के आयुक्त पृथीपॉल सिंह, सीएमओ डॉ. संजीव वर्मा और संयुक्त आयुक्त उद्योग अंशुल धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं और विभागीय जिम्मेदारियों पर चर्चा की।
