Loading...

ऊना में 7 सितंबर को सीएम सुक्खू की अगुवाई में होगी एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

ऊना में 7 सितंबर को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री सुबह करीब 10 बजे इंदिरा स्टेडियम से वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे और प्रतिभागियों के साथ इसमें शामिल होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त जतिन लाल ने जिला परिषद सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी प्रबंध पूरे करने के निर्देश दिए।

ऊना/ऊना/वीरेंद्र बन्याल

प्रस्तावित रूट के अनुसार वॉकाथॉन इंदिरा स्टेडियम ऊना से शुरू होकर बस स्टैंड के पास यू-टर्न लेने के बाद वापस स्टेडियम में संपन्न होगी। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान युवाओं और उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की एंटी-चिट्टा शपथ दिलाएंगे। वह युवाओं से संवाद भी करेंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं को चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ नशे के खिलाफ सामूहिक चेतना को मजबूत करना है।

ऊना में 7 सितंबर को सीएम सुक्खू की अगुवाई में होगी एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन

वॉकाथॉन में नौवीं कक्षा से लेकर कॉलेज के अंतिम वर्ष तक के विद्यार्थियों को मुख्य लक्षित समूह के रूप में शामिल किया जा रहा है। शिक्षण संस्थानों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले पुलिस बैंड हार्मनी ऑफ पाइनस के कलाकार गीत-संगीत के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देंगे। प्रशासन के अनुसार सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए युवाओं तक सकारात्मक और प्रेरक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

आयोजन के लिए अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल को आयोजन का ओवरऑल नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संबंधित उपमंडलों के एसडीएम और डीएसपी विद्यार्थियों के आवागमन का समन्वय एवं प्रबंधन करेंगे। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी को इंदिरा स्टेडियम में विद्यार्थियों के प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है। विभिन्न उपमंडलों से आने वाली बसों के रूट और आवागमन की निगरानी के लिए जिला पंचायत अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि पीओ डीआरडीए खान-पान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का समन्वय करेंगे।

ऊना में 7 सितंबर को सीएम सुक्खू की अगुवाई में होगी एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन

नगर निगम आयोजन स्थल की सजावट, साफ-सफाई और शहर में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सहायक आयुक्त को सौंपी गई है। उपायुक्त ने उपनिदेशक उच्च शिक्षा को शिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय कर तैयारियां समय पर पूरी करवाने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम अपने उपमंडलों में अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। प्रस्तावित रूट पर प्रवेश और निकासी, यातायात, पार्किंग तथा विद्यार्थियों के आवागमन का पहले से निरीक्षण करने को भी कहा गया है।

स्वास्थ्य, यातायात और पार्किंग के होंगे प्रबंध

आयोजन स्थल पर पर्याप्त पेयजल, शौचालय और स्वच्छता की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग इंदिरा स्टेडियम में हेल्थ पोस्ट स्थापित करेगा और वॉकाथॉन के दौरान एंबुलेंस उपलब्ध रखेगा। विद्यार्थियों के खान-पान और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए भी संबंधित अधिकारियों को उचित प्रबंध करने को कहा गया है। पुलिस विभाग प्रस्तावित रूट पर यातायात, पार्किंग और कानून-व्यवस्था संभालेगा, ताकि प्रतिभागियों की आवाजाही सुचारू रहे और कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बैठक में यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रचार-प्रसार की सामग्री पुलिस मुख्यालय से प्राप्त होगी। बैठक में सहायक आयुक्त विनय मोदी, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम, नगर निगम आयुक्त पृथी पाल सिंह, कमांडेंट गृह रक्षक हितेश लखनपाल, डीएसपी मोहन रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके वर्मा, एमएस डॉ. संजय गुलेरिया और जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Topics: