Arrest / 20 हजार की रिश्वत लेते चौकी प्रभारी गिरफ्तार, रद्दीकरण रिपोर्ट में मदद के बदले मांगी थी रकम
Arrest / कांगड़ा जिले की नूरपुर तहसील के तहत सदवां पुलिस चौकी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर भजन जरयाल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अनुसार, यह रकम एक मामले की रद्दीकरण रिपोर्ट तैयार करने में मदद के बदले मांगी गई थी। आरोपी से राशि बरामद कर एफआईआर दर्ज की गई है।
कांगड़ा/नूरपुर
नूरपुर तहसील के गौरव सिंह ने राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के धर्मशाला कार्यालय में इस संबंध में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसके खिलाफ दर्ज एक मामले की रद्दीकरण रिपोर्ट तैयार करने में मदद के लिए चौकी प्रभारी ने शुरुआत में 30 हजार रुपये मांगे थे। बाद में बातचीत के बाद 20 हजार रुपये में बात तय हुई। शिकायत मिलने पर सतर्कता ब्यूरो की टीम ने आरोपों का सत्यापन किया।
आरोपों की पुष्टि होने के बाद बुधवार को सतर्कता ब्यूरो ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। ब्यूरो के मुताबिक, स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में सब इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये लिए, जिसके बाद टीम ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि भी बरामद की गई। धर्मशाला स्थित सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पुलिस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा सात के तहत एफआईआर संख्या 13/2026 दर्ज कर जांच की जा रही है।
