बल्ह किसान सभा का ब्लॉक सम्मेलन 6 सितंबर को कंसा चौक में होगा
बल्ह किसान सभा का ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन 6 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे कंसा चौक स्थित महाराजा मैरिज पैलेस में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में किसानों और आम जनता की समस्याओं, लंबित मांगों तथा आगामी संघर्ष की रणनीति पर विचार-विमर्श होगा। किसान सभा की पिछले तीन वर्षों की गतिविधियों की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी और नई ब्लॉक कमेटी का चुनाव किया जाएगा।
मंडी/कंसा चौक
किसान सभा की बल्ह कमेटी ने 30 अगस्त को कंसा चौक में अध्यक्ष प्रेमदास चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान सम्मेलन का निर्णय लिया। ब्लॉक सम्मेलन का उद्घाटन जिला किसान सभा के अध्यक्ष कुशाल भारद्वाज और जिला परिषद सदस्य करेंगे। इस दौरान देश और प्रदेश के किसानों के सामने उत्पन्न समस्याओं के साथ किसान आंदोलन की मौजूदा परिस्थितियों पर भी विचार रखे जाएंगे।
स्थानीय समस्याओं और किसान मांगों पर होगी चर्चा
किसान सभा के सचिव रामजी दास के अनुसार सम्मेलन में कंसा क्षेत्र के प्रस्तावित कूड़ा निष्पादन स्थल को आबादी से दूर उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने और आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। डडौर और नागचला में राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रस्तावित फ्लाईओवर या अंडरपास का जल्द निर्माण करने के साथ डडौर-भौर मार्ग पर सर्विस रोड तथा जल निकासी नालियां बनाने के मुद्दे पर भी चर्चा होगी।
सम्मेलन में दुग्ध उत्पादक किसानों से नियमित दूध खरीदने और हर महीने समय पर भुगतान करने की मांग रखी जाएगी। किसानों को उचित मूल्य पर समय से खाद और बीज उपलब्ध करवाने, ग्रामीण रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा बिजली के स्मार्ट मीटरों की जबरन स्थापना का विरोध करने पर भी विचार होगा। इसके अतिरिक्त बल्ह में सब्जी मंडी का निर्माण, भंगरोटू खेल मैदान की भूमि वापस लेकर खेल गतिविधियों के लिए विकसित करने और अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी का स्थानांतरण रोकने जैसे विषय उठाए जाएंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं और क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों का मुद्दा
किसान सभा ने बताया कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों को भरने की मांग भी सम्मेलन में प्रमुखता से रखी जाएगी। वर्ष 2025 की प्राकृतिक आपदा और भारी बारिश से क्षतिग्रस्त श्मशान घाटों, संपर्क मार्गों तथा अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों के शीघ्र पुनर्निर्माण पर भी चर्चा होगी। बल्ह क्षेत्र में चिट्टे और अन्य नशों के बढ़ते प्रचलन के खिलाफ किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम जनता को जोड़कर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की रणनीति तैयार की जाएगी।
बल्ह कमेटी ने क्षेत्र के किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और आम जनता से सम्मेलन में भाग लेने की अपील की है। बैठक में अध्यक्ष प्रेमदास चौधरी, सचिव रामजी दास, पूर्व अध्यक्ष परसराम, नन्द लाल वर्मा, पदम शर्मा, गंगा राम, हेम राज, उत्तम चंद, कैप्टन बलदेव चौधरी, जगदीश, भवानी सिंह, शिवलाल, जोगिन्दर वालिया और दयाराम सहित अन्य किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
