Loading...

बंगाणा कॉलेज में छात्र संघ ने संभाली जिम्मेदारी, पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में केंद्रीय छात्र संघ का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रेखा शर्मा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों और विभिन्न इकाइयों के सदस्यों को पद एवं कर्तव्य की शपथ दिलाई। इस दौरान पदाधिकारियों ने शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने और महाविद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग की भावना और संगठनात्मक कौशल को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्राचार्य प्रो. रेखा शर्मा ने कहा कि केंद्रीय छात्र संघ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी, निष्ठा और अनुशासन के साथ करने का आह्वान किया।

शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी पर जोर

प्राचार्य ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि वे महाविद्यालय की गरिमा बनाए रखने, विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देने तथा शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों को नेतृत्व, जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

Related Topics: •