क्षेत्रीय अस्पताल बंगाणा में अल्ट्रासाउंड मशीन व कैंटीन का विधायक विवेक शर्मा ने किया उद्घाटन
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
हिमाचल के बंगाणा अस्पताल में नई अल्ट्रासाउंड मशीन और कैंटीन सुविधा शुरू की गई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ है। इस सुविधा से क्षेत्र की हजारों जनता को अब स्थानीय स्तर पर जांच और बेहतर इलाज मिल सकेगा। इससे मरीजों को समय, खर्च और लंबी दूरी की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
ऊना
उपमंडल बंगाणा के सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने अस्पताल में नई अल्ट्रासाउंड मशीन का विधिवत उद्घाटन किया। इसी के साथ अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए नई कैंटीन का भी शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अस्पताल प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।इस पहल को क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस सुविधा की मांग कर रहे थे।
30 पंचायतों की 40 हजार से अधिक जनता को मिलेगा सीधा लाभ
कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा के अथक प्रयासों से सिविल अस्पताल बंगाणा में अल्ट्रासाउंड मशीन लगने से क्षेत्र की लगभग 30 पंचायतों की 40 हजार से अधिक जनता को सीधा लाभ मिलेगा। इस से पहले बंगाणा क्षेत्र के मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए बड़सर के बाद ऊना जाना पड़ता था। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को जांच करवाने के लिए लंबा सफर तय करना पड़ता था, जिससे समय की बर्बादी के साथ-साथ आर्थिक बोझ भी बढ़ जाता था। कई गरीब परिवारों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए हजारों रुपये खर्च करने पड़ते थे। अब यह सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से मरीजों को राहत मिलेगी और समय पर जांच संभव हो सकेगी।
विधायक विवेक शर्मा ने की घोषणाये हुई पूरी, अब अस्पताल में मिल रही कई नई सुविधाएं
विधायक विवेक शर्मा ने जो वादे जनता के साथ किये थे कि सिविल अस्पताल बंगाणा में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। उसी दिशा में लगातार प्रयास करते हुए विधायक विवेक शर्मा ने सिबिल अस्पताल बंगाणा में सस्ती दवाइयों की दुकान खोल के दी सुविधा,आज अल्ट्रासाउंड की सुविधा और कैंटीन की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। पहले सिबिल अस्पताल बंगाणा में केवल सिविल अस्पताल का बोर्ड लगा हुआ था, लेकिन सुविधाएं लगभग शून्य थीं। मरीजों को छोटी-छोटी जांचों और दवाइयों के लिए भी बाहर जाना पड़ता था। लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और अस्पताल में आवश्यक स्टाफ भी उपलब्ध है। बंगाणा अस्पताल में अब कई प्रकार के टेस्ट अस्पताल में ही मुफ्त किए जा रहे हैं, जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को विशेष राहत मिल रही है।
सिविल अस्पताल बंगाणा में नई कैंटीन में मिलेगा बेहतर व स्वच्छ भोजन
बंगाणा के सिविल अस्पताल के परिसर में शुरू की गई नई कैंटीन में अब मरीजों और उनके परिजनों को लंबे समय से स्वच्छ और सस्ता भोजन उपलब्ध नहीं हो पाता था। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में कैंटीन की सुविधा शुरू की गई है। इस कैंटीन में मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों को उचित दरों पर स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे मरीजों के परिजनों को बाहर महंगे और अस्वच्छ भोजन पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।कैंटीन की शुरुआत से अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है और अस्पताल का वातावरण भी अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनेगा।
सिविल अस्पताल के मरीजों ने जताया विधायक विवेक शर्मा,अब मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
सिविल अस्पताल बंगाणा में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों ने इस मौके पर विधायक विवेक शर्मा का आभार व्यक्त किया। अस्पताल में भर्ती कमलेश कुमारी, रेखा देवी, अंजली, देवराज, सुदेश कुमार, महेंद्र सिंह, राम स्वरूप, रूप सिंह, छन्नगन राम तथा नसीब सिंह सहित अन्य मरीजों ने कहा कि पहले अस्पताल में सुविधाओं का अभाव था। उन्होंने कहा कि पहले यहां केवल सिविल अस्पताल का बोर्ड लगा हुआ था, लेकिन अंदर सुविधाएं लगभग शून्य थीं। मरीजों को छोटी-छोटी जांचों के लिए भी ऊना या अन्य स्थानों पर जाना पड़ता था। मरीजों एवं जनता ने कहा कि जैसे ही विवेक शर्मा विधायक बने, उन्होंने अस्पताल की स्थिति सुधारने के लिए गंभीर प्रयास शुरू किए। आज अस्पताल में पूरा स्टाफ उपलब्ध है, कई टेस्ट मुफ्त किए जा रहे हैं और सस्ती दवाइयों की दुकान खुलने से मरीजों को बाजार से महंगी दवाइयां खरीदने की मजबूरी नहीं रही। उन्होंने विधायक विवेक शर्मा को जनता का सच्चा सेवादार बताते हुए कहा कि अब हर मरीज को अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
विवेक शर्मा का आश्वासन,आने वाले समय में और भी सुविधाएं होंगी उपलब्ध। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सिविल अस्पताल बंगाणा में और भी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उनके घर के पास ही उपलब्ध करवाना उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने जनता से सहयोग और सुझाव देने का भी आग्रह किया, ताकि अस्पताल की सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे इसी विश्वास के साथ क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाते रहेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में विकास कार्यों की गति निरंतर जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र के हर नागरिक को बेहतर सुविधाएं मिले।